नव निर्मित सड़क पर लापरवाही से हुआ नुकसान, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
स्थानीय जनता ने विधायक से हस्तक्षेप की मांग की
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला : घाटशिला के नुवाग्राम स्थित सांडपुड़ा क्षेत्र में उस समय विवाद खड़ा हो गया जब मुख्य सड़क किनारे स्थित एक लंबे समय से खाली पड़े पुराने मकान को बुलडोजर से ध्वस्त किया जा रहा था। इस कार्रवाई के दौरान निर्माण कार्य में लगी मशीन द्वारा नवनिर्मित मुख्य सड़क को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिससे सड़क पर गहरे गड्ढे बन गए। स्थानीय लोगों ने जब इसका विरोध किया तो तोड़फोड़ में लगे लोगों ने कथित रूप से दादागिरी दिखाई और अपशब्दों का प्रयोग किया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : चुनावी हिंसा और वैमनस्यता के खिलाफ साकची में कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रधानमंत्री का पुतला दहन
सड़क तोड़फोड़ से तनावपूर्ण माहौल
इस घटना से स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है, क्योंकि हाल ही में बनी मुख्य सड़क के इस प्रकार क्षतिग्रस्त होने से आवागमन प्रभावित हो गया है। आने वाले मानसून में यहां पानी भरने और गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। ग्रामीणों ने घाटशिला के युवा विधायक से मामले का संज्ञान लेने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो। स्थानीय प्रशासन से जांच की अपेक्षा है।


























