अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
परिजनों और गणमान्य लोगों की मौजूदगी में बच्चों को मिला प्रेरणा का संदेश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा सेल क्लब में बुधवार देर शाम लक्ष्मी मार्शल आर्ट कराटे दोजो की ओर से सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम हिमाचल प्रदेश में 1 मई से 3 मई तक आयोजित कराटे फाइट लीग सीजन-5 प्रोफेशनल इवेंट एवं इंटरनेशनल कराटे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के सम्मान में रखा गया था। प्रतियोगिता में पदक जीतकर लौटे छात्र-छात्राओं एवं उनके कोच को मंच पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में गुवा सेल क्लब महिला समिति की अध्यक्ष शालू कुमार एवं समिति की अन्य सदस्यों ने खिलाड़ियों को विजय तिलक लगाकर, विजय माला पहनाकर तथा मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। पूरे समारोह के दौरान उत्साह, गर्व और खुशी का माहौल बना रहा तथा उपस्थित लोगों ने तालियों से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इसे भी पढ़ें : Potka : संजीव सरदार ने उठाई मांग, पोटका के शिक्षकों की जनगणना ड्यूटी स्थानीय स्तर पर लगाने की अपील
खिलाड़ियों की उपलब्धि पर अभिभावकों ने जताया गर्व
सम्मान समारोह में खिलाड़ियों के माता-पिता, दादा-दादी और परिवार के अन्य सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने बच्चों की उपलब्धि को गुवा क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया। वक्ताओं ने कहा कि अनुशासन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के बल पर खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर सकते हैं। समारोह में मौजूद लोगों ने अन्य बच्चों को भी खेल और मार्शल आर्ट से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर निलंबंगा, परवीन इकबाल, कविता देवांगन, जयश्री नंदकोलियर और गीता दास सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में खिलाड़ियों की सफलता की कामना करते हुए उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया।




























