जमशेदपुर में ड्यूटी लगने से ग्रामीण विद्यालयों की पढ़ाई प्रभावित होने की जताई आशंका
स्थानीय स्तर पर ड्यूटी लगाने से शिक्षा व्यवस्था और जनगणना दोनों होंगे प्रभावित होने से सुरक्षित
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका विधायक संजीव सरदार ने पोटका प्रखंड के शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं की जनगणना ड्यूटी को लेकर पूर्वी सिंहभूम उपायुक्त से मुलाकात कर महत्वपूर्ण मांग उठाई है। विधायक ने कहा कि पोटका क्षेत्र के कई शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों की ड्यूटी जमशेदपुर में लगा दी गई है, जिससे ग्रामीण विद्यालयों में पठन-पाठन प्रभावित होने की संभावना बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की अनुपस्थिति से विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई बाधित होगी और विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। संजीव सरदार ने प्रशासन से आग्रह किया कि शिक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए शिक्षकों की जनगणना ड्यूटी पोटका प्रखंड के भीतर ही निर्धारित की जाए। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर ड्यूटी लगाने से शिक्षक समय पर विद्यालयों में उपस्थित रह सकेंगे और जनगणना कार्य भी बेहतर ढंग से संपन्न होगा।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : दुखनी सोरेन ने बहरागोड़ा थाना पहुंचकर थाना प्रभारी से की शिष्टाचार मुलाकात
ग्रामीणों और अभिभावकों की भावनाओं को प्रशासन तक पहुंचाया
विधायक संजीव सरदार ने उपायुक्त का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि कई ग्रामीणों और अभिभावकों ने भी इस मुद्दे पर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि यदि शिक्षकों को दूरस्थ क्षेत्रों में ड्यूटी दी जाएगी, तो इसका सीधा असर छात्रों की पढ़ाई पर पड़ेगा। विधायक ने सुझाव दिया कि पोटका प्रखंड के शिक्षकों और शिक्षिकाओं को स्थानीय स्तर पर ही जनगणना कार्य में लगाया जाए, ताकि विद्यालयों का संचालन सामान्य रूप से जारी रह सके। उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय ड्यूटी से प्रशासनिक कार्यों में समन्वय बेहतर होगा और ग्रामीणों का आक्रोश भी शांत रहेगा। विधायक ने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगा। इससे शिक्षा व्यवस्था प्रभावित नहीं होगी और जनगणना कार्य भी प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से पूरा किया जा सकेगा।




























