धर्मडीह में घर-घर पहुंच रहे जनगणना कर्मी, बाहरी समझकर लोग जानकारी देने में कर रहे हिचकिचाहट
12 जुलाई तक चलेगा अभियान, लोगों को भरोसे में लेने की चुनौती
गांवों में जनगणना को लेकर बढ़ाई जा रही जागरूकता
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : जादूगोड़ा क्षेत्र में जनगणना कार्य को लेकर शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है और अब घर-घर जाकर सर्वे का काम शुरू हो गया है। बुधवार से धर्मडीह मुहल्ले में जनगणना कर्मी सह चापड़ी उत्क्रमित +2 हिन्दी उच्च विद्यालय के शिक्षक अविनाश मिश्रा ने सर्वे अभियान की शुरुआत की। इस दौरान कई ग्रामीण शुरुआत में उन्हें बाहरी व्यक्ति समझ बैठे और अपने परिवार तथा घर की जानकारी साझा करने में कोताही बरतते नजर आए। हालांकि बाद में जनगणना कार्य और उसके उद्देश्य की जानकारी देने पर लोगों ने सहयोग करना शुरू किया। पहले दिन धर्मडीह गांव के 15 घरों का सर्वे पूरा किया गया। सर्वे के दौरान परिवार के सदस्यों की संख्या, शिक्षा, रोजगार, आवास और अन्य सामाजिक जानकारी से जुड़े कुल 32 सवाल निर्धारित फॉर्मेट में दर्ज किए गए।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : राखा माइंस स्टेशन पर ट्रेन हादसे में करीम सिटी कॉलेज के छात्र वरुण महतो की मौत
जनगणना अभियान में लोगों से सहयोग की अपील
जनगणना कर्मी अविनाश मिश्रा ने बताया कि उन्हें स्कूल से करीब आठ किलोमीटर दूर धर्मडीह गांव में सर्वे की जिम्मेदारी मिली है। क्षेत्र के लोगों के लिए अनजान चेहरा होने के कारण शुरुआत में ग्रामीण खुलकर सहयोग नहीं कर रहे हैं। कई लोगों को समझाने और सरकारी प्रक्रिया की जानकारी देने के बाद वे अपने घरों का सर्वे कराने के लिए तैयार हुए। उन्होंने बताया कि जनगणना अभियान आगामी 12 जुलाई तक चलेगा और इस दौरान हर घर तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे सही जानकारी देकर जनगणना कार्य में सहयोग करें, ताकि सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की सटीक योजना बनाई जा सके।























