100 वर्ष पूरे होने पर भव्य आयोजन की रूपरेखा तैयार करने जुटेंगे पूर्व छात्र और विद्यालय परिवार
समारोह समिति गठन और स्मारिका प्रकाशन पर होगी चर्चा
पूर्व छात्रों से समारोह में सक्रिय भागीदारी की अपील
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में शामिल +2 उच्च विद्यालय बहरागोड़ा के 100 वर्ष पूरे होने पर शताब्दी समारोह को भव्य और यादगार बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी कड़ी में आगामी 24 मई 2026 को शाम 5 बजे विद्यालय परिसर में पूर्ववर्ती छात्र-छात्राओं और विद्यालय परिवार के सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। विद्यालय के प्रधानाध्यापक कमलेश सीट ने देश-विदेश में रह रहे पूर्व छात्रों सहित सभी संबंधित लोगों से इस ऐतिहासिक अवसर का हिस्सा बनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का शताब्दी वर्ष पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है और इसे उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाने की योजना बनाई जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : जगन्नाथपुर कांग्रेस कार्यालय में राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित
शताब्दी समारोह को लेकर विद्यालय में बढ़ी उत्सुकता
प्रधानाध्यापक कमलेश सीट ने बताया कि बैठक में शताब्दी समारोह के सफल आयोजन के लिए ‘शताब्दी समारोह समिति’ के गठन पर विचार किया जाएगा। इसके अलावा विद्यालय के 100 वर्षों के गौरवशाली इतिहास, पूर्व शिक्षकों, मेधावी छात्रों और संस्थान के योगदान को समर्पित एक विशेष स्मारिका प्रकाशित करने की योजना पर भी चर्चा होगी। बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिता और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के आयोजन की रूपरेखा भी तैयार की जाएगी। विद्यालय परिवार का उद्देश्य शताब्दी समारोह को ऐतिहासिक और प्रेरणादायक बनाना है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इस गौरवशाली परंपरा से जुड़ सकें।






















