पांच शिक्षकों के भरोसे चल रही 11वीं और 12वीं की पढ़ाई, अभिभावकों में बढ़ी चिंता
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसावनी प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित +2 हिन्दी उच्च विद्यालय चापड़ी शिक्षकों की भारी कमी से जूझ रहा है। जादूगोड़ा-मुसावनी मुख्य सड़क किनारे स्थित चापड़ी गांव के विद्यार्थियों को मैट्रिक के बाद आगे की पढ़ाई के लिए बाहर नहीं जाना पड़े, इस उद्देश्य से विद्यालय को जुलाई 2024 में अपग्रेड कर +2 का दर्जा दिया गया था। लेकिन डेढ़ वर्ष बीत जाने के बाद भी विद्यालय में इंटर स्तर के शिक्षकों की पदस्थापना नहीं हो सकी है। इससे 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वर्तमान में 11वीं कक्षा में 44 तथा 12वीं कक्षा में 32 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। अभिभावकों का कहना है कि सरकार ने स्कूल को अपग्रेड तो कर दिया, लेकिन शिक्षकों की व्यवस्था नहीं होने से बच्चों का भविष्य अधर में लटक गया है।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : शिलान्यास के एक साल बाद भी नहीं बनी सड़क, प्रखंड प्रमुख ने दी जाम आंदोलन की चेतावनी
साइंस और गणित के शिक्षक नहीं, आर्ट्स शिक्षकों के भरोसे चल रही कक्षाएं
विद्यालय की प्रभारी शिक्षिका सुमन यादव ने बताया कि शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर कई बार जिला शिक्षा अधीक्षक को पत्र लिखा गया, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई। उन्होंने कहा कि विद्यालय में कुल नौ शिक्षक हैं, जिनमें हाई स्कूल के पांच शिक्षक ही बारी-बारी से 11वीं और 12वीं की कक्षाएं संचालित कर रहे हैं। स्थिति यह है कि साइंस और गणित विषय के शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं, जबकि आर्ट्स संकाय के शिक्षक अतिरिक्त जिम्मेदारी निभाकर बच्चों की पढ़ाई जारी रखे हुए हैं। शिक्षकों की कमी के कारण नियमित और गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई संभव नहीं हो पा रही है। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने शिक्षा विभाग से जल्द इंटर स्तर के शिक्षकों की नियुक्ति करने की मांग की है, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारु रूप से चल सके और उनका भविष्य सुरक्षित हो सके।
























