भीषण गर्मी के बीच श्रद्धा का संगम, दूर-दराज से पहुंचे कीर्तन मंडली के कलाकार
गर्मी की मार से गुवा बाजार और जनजीवन प्रभावित
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा में पड़ रही 45 डिग्री की भीषण गर्मी के बावजूद कच्छी धौड़ा में आयोजित 24 पहर 72 घंटे का श्री श्री अखंड नाम यज्ञ संकीर्तन शनिवार को दूसरे दिन भी पूरे भक्तिभाव और उत्साह के साथ जारी रहा। तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच भी श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। झारखंड, बिहार, बंगाल और ओडिशा से पहुंचे विभिन्न कीर्तन मंडलियों द्वारा लगातार हरिनाम संकीर्तन किया जा रहा है, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया है। संकीर्तन स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है और लोग भक्ति रस में लीन होकर हरिनाम का जाप कर रहे हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं और कलाकारों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। पंडाल में कुलर लगाए गए हैं ताकि गर्मी से राहत मिल सके और किसी की तबीयत खराब न हो। साथ ही पेयजल, विश्राम और बैठने की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है। समिति के सदस्यों ने बताया कि मौसम की कठिन परिस्थितियों के बावजूद लोगों की आस्था लगातार बढ़ रही है।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : जादूगोड़ा में चोरों का तांडव : सरकारी स्कूल समेत तीन घरों में लाखों की चोरी, दहशत में ग्रामीण
भीषण गर्मी के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार
वहीं दूसरी ओर भीषण गर्मी का असर गुवा बाजार और जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है। दोपहर के समय बाजारों में सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम भीड़ नजर आई। अधिकतर लोग तेज धूप और लू से बचने के लिए घरों में ही रहना बेहतर समझ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि तापमान इतना अधिक हो गया है कि घरों में लगे पंखे और कुलर भी राहत देने में असफल साबित हो रहे हैं। कई लोग पेड़ों की छांव में बैठकर गर्मी से बचने का प्रयास करते दिखाई दिए। गर्म हवाओं और तपती धूप के कारण सड़कें भी दोपहर में लगभग सुनसान नजर आईं। मौसम विभाग की ओर से भी लोगों को दोपहर के समय जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी जा रही है।



























