आदिवासी समाज ने पगड़ी पहनाकर जताया सम्मान, नए एसडीपीओ से विकास और जनकल्याण की उम्मीद
अजय केरकेट्टा के कार्यकाल को लोगों ने बताया यादगार
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : आदिवासी कल्याण केन्द्र किरीबुरू, मेघाहातुबुरू, प्रॉस्पेक्टिंग एवं आदिवासी हो समाज युवा महासभा केंद्रीय समिति की ओर से आयोजित समारोह में एसडीपीओ अजय केरकेट्टा को भावभीनी विदाई दी गई। समारोह में समाज के लोगों ने उन्हें पारंपरिक आदिवासी पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया और उनके कार्यकाल की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि अजय केरकेट्टा ने अपने कार्यकाल में क्षेत्र की जनता, विशेषकर महिलाओं और बच्चों के हित में कई सराहनीय कार्य किए। उनका सरल स्वभाव, जनता से जुड़ाव और संवेदनशील कार्यशैली हमेशा लोगों के बीच याद की जाएगी। समारोह के दौरान समाज के लोगों ने उनके बेहतर भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में पारंपरिक आदिवासी संस्कृति और सामाजिक एकता की झलक देखने को मिली।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : पुरुनापानी में मैत्री संगठन का विशाल रक्तदान शिविर, तीन राज्यों के 30 लोगों ने किया रक्तदान
नवपदस्थापित एसडीपीओ विनीत कुमार किंडो का हुआ गर्मजोशी से स्वागत
समारोह में नव नियुक्त एसडीपीओ विनीत कुमार किंडो का भी आदिवासी रीति-रिवाज के अनुसार गर्मजोशी से स्वागत किया गया। समाज के प्रतिनिधियों ने पगड़ी पहनाकर उनका अभिनंदन किया तथा क्षेत्र के विकास, कानून-व्यवस्था और जनकल्याणकारी कार्यों को मजबूती से आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई। इस अवसर पर आदिवासी समाज के लोगों ने कहा कि प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय से क्षेत्र में शांति और विकास को नई दिशा मिलेगी। समारोह सौहार्दपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में आदिवासी कल्याण केन्द्र मेघाहातुबुरू के सचिव अमर सिंह सुंडी, सह कोषाध्यक्ष सेरगेया अंगारिया, बीरबल गुड़िया, भीमसेन मारला, आदिवासी कल्याण केन्द्र किरीबुरू के सह कोषाध्यक्ष बलभद्र बिरुली, प्रदीप चतर, प्रॉस्पेक्टिंग के उपाध्यक्ष माधव चन्द्र कोड़ा तथा आदिवासी हो समाज युवा महासभा केंद्रीय समिति के संगठन सचिव गोपी लागुरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
























