Baharagoda : पुरुनापानी में मैत्री संगठन का विशाल रक्तदान शिविर, तीन राज्यों के 30 लोगों ने किया रक्तदान
ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश, युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
तीन राज्यों के रक्तदाताओं ने दिखाई मानवता की मिसाल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा :ओडिशा के मयूरभंज, झारखंड के पूर्वी सिंहभूम तथा पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले में लगातार सामाजिक कार्य कर रहे ‘मैत्री संगठन’ द्वारा रविवार को पुरुनापानी माँ शीतला क्लब परिसर में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। संगठन के संस्थापक सदस्य एवं सचिव संदीप कुमार साउ के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर को ओडिशा ब्लड बैंक, बारीपदा का सहयोग प्राप्त हुआ। शिविर में तीन राज्यों से कुल 30 रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खास बात यह रही कि बड़ी संख्या में युवाओं ने पहली बार रक्तदान कर समाज सेवा का संदेश दिया। आयोजन के दौरान लोगों को रक्तदान के महत्व और जरूरतमंद मरीजों की सहायता के प्रति जागरूक भी किया गया।
शिविर की सफलता में कई समाजसेवियों, चिकित्सकों और स्थानीय युवाओं की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम में डॉ. सुमन घोष, धर्मेंद्र साउ, पंकज करण, अरिंदम महापात्र, पार्वती शंकर बटब्याल, रंजन सीट, देबाशीष नायेक, मंटू नायेक, शंकर मुर्मू, रितेश जेना, अर्नब कुईला, नंदन माईती, संतोष कुमार, शीतल दंडपाट, देबब्रत सीट और पंकज पांडा सहित कई लोगों ने सहयोग किया। वहीं स्थानीय स्तर पर सत्यनारायण बेरा, संतोष साउ, विजय दंडपाट, लिटू बेरा तथा ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों और क्लब सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजन को लोगों ने सामाजिक एकता और मानव सेवा की दिशा में प्रेरणादायक पहल बताया।
रघुवर दास, बन्ना गुप्ता और कुणाल षाड़ंगी समेत कई गणमान्यजन हुए शामिल दक्षिण भारतीय परंपरा में हुआ आयोजन वैदिक मंत्रोच्चारण
रघुवर दास, बन्ना गुप्ता और कुणाल षाड़ंगी समेत कई गणमान्यजन हुए शामिल
दक्षिण भारतीय परंपरा में हुआ आयोजन
वैदिक मंत्रोच्चारण और विशेष पूजन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर :पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन द्वारा श्री राम मंदिर कल्याण मंडपम में आयोजित भव्य “श्री बालाजी अन्न प्रसादम” कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के वातावरण में संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में लगभग 2800 श्रद्धालुओं ने भगवान श्री वेंकटेश्वर बालाजी का पावन अन्न प्रसादम ग्रहण किया। कार्यक्रम का शुभारंभ रविवार सुबह 11:30 बजे दक्षिण भारत के विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण एवं विशेष पूजन के साथ हुआ। इसके बाद ब्राह्मण भोजन कराया गया तथा फिर श्रद्धालुओं के बीच अन्न प्रसादम वितरण शुरू किया गया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा और श्रद्धालुओं में गहरी आस्था देखने को मिली।
मनोकामना पत्थर और दिव्य सजावट बनी आकर्षण का केंद्र
श्री राम मंदिर कल्याण मंडपम को दक्षिण भारतीय आध्यात्मिक परंपरा के अनुरूप आकर्षक ढंग से सजाया गया था। तिरुपति बालाजी की दिव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। कार्यक्रम में विशेष रूप से स्थापित “पेरुमल स्टोन” यानी मनोकामना पत्थर ने लोगों का विशेष ध्यान खींचा। मान्यता है कि इस पवित्र पत्थर पर व्यक्त की गई मनोकामनाएं भगवान वेंकटेश्वर तक पहुंचती हैं। श्रद्धालुओं को कपूर मिश्रित पवित्र जलामृत भी वितरित किया गया। अन्न प्रसादम कार्यक्रम के मुख्य प्रायोजक वरिष्ठ समाजसेवी विजय मित्तल एवं उनकी धर्मपत्नी प्रीति अग्रवाल रहे। आयोजन का संचालन समाजसेवी सुनील जवानपुरिया ‘बिट्टू’ के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक क्षेत्र की हस्तियों की रही मौजूदगी
इस धार्मिक आयोजन में अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत मित्तल, अग्रवाल महिला सम्मेलन की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रूही अग्रवाल, मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता, पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल रघुवर दास, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, झामुमो नेता कुणाल षाडंगी, भाजपा नेता देवेंद्र सिंह, पत्रकार उदित अग्रवाल, डीएसपी मनोज गुप्ता, कांग्रेस नेता विशाल खान तथा कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसके अलावा युवा मंच के राष्ट्रीय सहायक मंत्री हर्ष सुल्तानिया, टाटा स्टील चीफ रंजन सिन्हा और अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम प्रकाश रिंगसिया समेत अनेक समाजसेवियों ने भी आयोजन में भाग लिया। कार्यक्रम की व्यवस्था और संचालन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे रहे।
दक्षिण भारतीय शैली में परोसा गया विशेष अन्न प्रसादम
कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को केले के पत्तों पर पारंपरिक दक्षिण भारतीय शैली में प्रसाद परोसा गया। प्रसादम के विशेष मेन्यू में सादा चावल, कर्ड राइस, लेमन राइस (पुलियारम), सांभर, बिन्स नारियल की सब्जी, मिक्स वेज, चक्र पोंगल, रवा केसरी, पापड़ और छाछ शामिल थे। राणी सती सत्संग समिति द्वारा प्रसाद वितरण की व्यवस्था संभाली गई, जबकि मारवाड़ी युवा मंच, जमशेदपुर शाखा ने श्रद्धालुओं के लिए ठंडे पानी और छाछ की विशेष व्यवस्था की। पूरे आयोजन में सेवा, अनुशासन और श्रद्धा का सुंदर समन्वय देखने को मिला, जिसकी लोगों ने जमकर सराहना की।
धर्म कॉलम में सरना/आदिवासी और जाति में अनुसूचित जनजाति दर्ज कराने पर दिया गया जोर सरना भवन में हुई बैठक,
धर्म कॉलम में सरना/आदिवासी और जाति में अनुसूचित जनजाति दर्ज कराने पर दिया गया जोर
सरना भवन में हुई बैठक, क्षेत्रीय स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जनगणना 2026 को लेकर केन्द्रीय सरहुल पूजा समिति, पूर्वी सिंहभूम की एक महत्वपूर्ण बैठक सीतारामडेरा स्थित सरना भवन में आयोजित की गई। बैठक में आदिवासी समुदाय के धर्म कॉलम में “सरना/आदिवासी” तथा जाति कॉलम में “अनुसूचित जनजाति” दर्ज कराने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। विभिन्न आदिवासी समुदायों के प्रतिनिधियों ने बैठक में भाग लेते हुए समाज के लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता पर बल दिया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि समिति की सभी क्षेत्रीय इकाइयां गांव-गांव और मोहल्लों में बैठक कर लोगों को जनगणना से संबंधित सही जानकारी देंगी। बैठक में कहा गया कि समाज की पहचान और सांस्कृतिक अस्तित्व को मजबूत बनाए रखने के लिए जनगणना में सही जानकारी दर्ज कराना बेहद जरूरी है।
दिग्भ्रमित करने वालों के सामाजिक बहिष्कार का निर्णय
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जो लोग आदिवासी समाज को दिग्भ्रमित करने का प्रयास करेंगे, उन्हें किसी भी सामाजिक कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किया जाएगा। समिति के सदस्यों ने कहा कि समाज को एकजुट रखते हुए जागरूकता अभियान को मजबूती से चलाया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता श्रीमती शालू लकड़ा ने की, जबकि संचालन उपेन्द्र बानरा ने किया। इस अवसर पर राकेश उरांव, नंदलाल पातर, डिबर पूर्ति, सोमेश्वर मुर्मू, संतोष लकड़ा, डेमका सोय, शिवचरण बारी, सुरजा बास्के, दुर्गामनि गौईपाई, प्रेम आनंद सामद, डोमेन पूर्ति, प्रकाश कोया, लखींद्र लकड़ा, सुखराम लकड़ा, राजन कुजुर और सोमा कोया सहित कई समाजसेवी उपस्थित थे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रकाश कोया ने किया।
टिनप्लेट अस्पताल के 51 कर्मचारियों ने छंटनी नोटिस को बताया गैरकानूनी, आंदोलन की दी चेतावनी प्रेस वार्ता में मजदूरों ने
टिनप्लेट अस्पताल के 51 कर्मचारियों ने छंटनी नोटिस को बताया गैरकानूनी, आंदोलन की दी चेतावनी
प्रेस वार्ता में मजदूरों ने प्रबंधन पर लगाया अन्याय का आरोप
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर :टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) टिनप्लेट में कार्यरत डॉ. टीसी जॉन मेमोरियल ट्रस्ट के स्थायी मजदूरों ने काम से हटाने के नोटिस के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है। गोलमुरी में आयोजित प्रेस वार्ता में कर्मचारियों ने बताया कि टिनप्लेट अस्पताल में फार्मासिस्ट, एम्बुलेंस चालक, अटेंडर, सफाई और सेनिटेशन जैसे स्थायी प्रकृति के कार्यों में करीब 51 कर्मचारी पिछले 25 वर्षों से लगातार सेवा दे रहे हैं। इन कर्मचारियों का कहना है कि टिनप्लेट कारखाना के स्थायी मजदूरों और उनके परिवारों को अस्पताल में स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मजदूरों ने आरोप लगाया कि टाटा मेन हॉस्पिटल द्वारा टिनप्लेट अस्पताल का अधिग्रहण किए जाने के बाद उन्हें धीरे-धीरे बाहर करने की नीति अपनाई गई और अब अचानक काम से बैठाने का नोटिस जारी कर दिया गया।
स्थायी कर्मचारी होने का दावा, उपश्रमायुक्त को भी सौंपा गया पत्र
मजदूरों ने कहा कि वे वास्तव में टिनप्लेट अस्पताल के स्थायी कर्मचारी हैं और इसके प्रमाण भी उनके पास मौजूद हैं। प्रेस वार्ता में बताया गया कि लंबे समय तक उनकी उपस्थिति टिनप्लेट अस्पताल प्रबंधन के रजिस्टर में दर्ज की जाती थी, लेकिन बाद में अचानक डॉ. टीसी जॉन ट्रस्ट के रजिस्टर में उपस्थिति दर्ज कराई जाने लगी। कर्मचारियों का कहना है कि यह बदलाव उन्हें भविष्य में हटाने की योजना के तहत किया गया। मजदूरों ने बताया कि जब प्रबंधन ने उन्हें हटाने की प्रक्रिया शुरू की, तब उन्होंने टीएमएच के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर कार्रवाई रोकने की मांग की थी। इसकी एक प्रति जमशेदपुर उपश्रमायुक्त को भी सौंपी गई है, जहां मामला फिलहाल विचाराधीन है।
27 मई से टीएमएच गेट पर शुरू होगा अनिश्चितकालीन धरना
प्रेस वार्ता में कर्मचारियों ने घोषणा की कि अपनी मांगों के समर्थन में 27 मई 2026, बुधवार से टीएमएच गेट के सामने अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। मजदूरों ने कहा कि यह आंदोलन उनके अस्तित्व और परिवार के भविष्य की लड़ाई है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि वर्षों तक सेवा लेने के बाद अब उन्हें अचानक हटाया जाना अन्यायपूर्ण और अमानवीय है। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रबंधन को उनकी सेवा अवधि और योगदान को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लेना चाहिए। मजदूरों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
छंटनी से परिवारों के सामने खड़ा हुआ रोजी-रोटी का संकट
मजदूरों ने भावुक होते हुए कहा कि लंबे समय तक सेवा देने के बावजूद यदि उन्हें नौकरी से हटा दिया गया तो उनके परिवार पूरी तरह बेसहारा हो जाएंगे। कर्मचारियों ने कहा कि वर्तमान आर्थिक परिस्थितियों में रोजगार छिन जाने से उनके सामने जीवनयापन का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने प्रशासन और प्रबंधन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की अपील करते हुए कहा कि उनकी समस्या का समाधान बातचीत के जरिए किया जाए। प्रेस वार्ता में मजदूरों ने कहा कि वे न्याय मिलने तक अपनी लड़ाई जारी रखेंगे और जरूरत पड़ने पर बड़े स्तर पर आंदोलन भी करेंगे।
थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा की अगुवाई में खाकी ने पेश की मानवता और सेवा की मिसाल चिलचिलाती गर्मी में
थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा की अगुवाई में खाकी ने पेश की मानवता और सेवा की मिसाल
चिलचिलाती गर्मी में पुलिस बनी लोगों का सहारा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा :रविवार की दोपहर जब तेज धूप और भीषण गर्मी से लोग परेशान थे, तब बहरागोड़ा थाना चौक पर पुलिस का मानवीय चेहरा देखने को मिला। थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा के नेतृत्व में थाना परिवार ने राहगीरों, मजदूरों और बाइक चालकों के लिए विशेष सेवा अभियान चलाया। पुलिस द्वारा चौक पर शुद्ध और ठंडे पेयजल की व्यवस्था की गई, ताकि गर्मी से बेहाल लोगों को राहत मिल सके। इतना ही नहीं, चौक से गुजर रहे लोगों को रोककर सम्मानपूर्वक मिठाई खिलाई गई और फिर ठंडा पानी पिलाकर उनकी थकान दूर करने का प्रयास किया गया। अचानक मिली इस आत्मीयता और अपनत्व भरे व्यवहार से राहगीरों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ बहरागोड़ा पुलिस की इस मानवीय पहल ने लोगों का दिल जीत लिया। गर्मी में राहत देने के इस प्रयास को लेकर आम जनता ने पुलिस प्रशासन की खुलकर प्रशंसा की। लोगों ने कहा कि खाकी वर्दी का ऐसा सेवा भाव समाज में सकारात्मक संदेश देता है और पुलिस व जनता के बीच भरोसे को मजबूत करता है। थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल सुरक्षा देना ही नहीं, बल्कि जरूरत के समय समाज के साथ खड़ा रहना भी है। पुलिस की इस पहल से थाना चौक पर कुछ देर के लिए सेवा, सहयोग और मानवता का अनोखा दृश्य देखने को मिला।
राहगीरों और आम लोगों के लिए ठंडे पानी की सुविधा, थाना प्रभारी रोहित कुमार की पहल की सराहना गर्मी से
राहगीरों और आम लोगों के लिए ठंडे पानी की सुविधा, थाना प्रभारी रोहित कुमार की पहल की सराहना
गर्मी से राहत देने के लिए पुलिस ने शुरू की जनसेवा पहल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा :भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच किरीबुरू पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए आम लोगों, राहगीरों और मजदूरों के लिए स्वच्छ पेयजल की विशेष व्यवस्था की है। थाना क्षेत्र के सेंडल चौक, सेंडल मोड़, पुलिस चेक पोस्ट, सड़क किनारे और थाना परिसर सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर ठंडा एवं स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया गया है। किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार की अध्यक्षता में थाना परिसर में आरओ का शुद्ध और ठंडा पानी लोगों के लिए उपलब्ध कराया गया है। थाना प्रभारी ने कहा कि कोई भी व्यक्ति बिना किसी संकोच के थाना पहुंचकर पानी पी सकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जरूरत के समय लोगों की सेवा करना भी है। “इस कलयुग में मानव सेवा से बड़ा कोई धर्म एवं कर्तव्य नहीं है,” यह कहते हुए उन्होंने लोगों को गर्मी से बचाव के प्रति भी जागरूक किया।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की मानवीय पहल को बताया सराहनीय
थाना क्षेत्र के कई स्थानों पर मिट्टी के घड़ों में ठंडा पानी रखा गया है, जिससे राहगीर, वाहन चालक, मजदूर और आम लोग अपनी सुविधा अनुसार पानी पीकर राहत महसूस कर रहे हैं। तपती गर्मी में पुलिस की इस पहल से लोगों को काफी सहूलियत मिल रही है। स्थानीय लोगों ने किरीबुरू पुलिस की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत करते हैं। किरीबुरू की मुखिया पार्वती किरो ने भी पुलिस प्रशासन की इस मानवीय सेवा की खुले दिल से प्रशंसा करते हुए कहा कि गर्मी के इस दौर में लोगों को राहत पहुंचाने का यह प्रयास बेहद प्रेरणादायक है। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस तरह की जनसेवा गतिविधियां जारी रहेंगी।
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी लगाने की उठी मांग स्मारक से कॉपर रस्सी चोरी मामले को लेकर
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी लगाने की उठी मांग
स्मारक से कॉपर रस्सी चोरी मामले को लेकर समिति हुई सक्रिय
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा :किरीबुरू स्थित बिरसा मुंडा स्मारक से धनुष में लगी कॉपर की रस्सी चोरी होने की घटना को लेकर बिरसा स्मारक सेवा समिति, किरीबुरू-मेघाहातुबुरू-प्रोस्पेक्टिंग के पदाधिकारियों ने किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार से मुलाकात कर मामले पर गंभीर चर्चा की। समिति के प्रतिनिधियों ने कहा कि बिरसा मुंडा स्मारक आदिवासी समाज की आस्था, सम्मान और गौरव का प्रतीक है। ऐसे महत्वपूर्ण स्थल से चोरी की घटना न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करती है, बल्कि समाज की भावनाओं को भी आहत करती है। समिति ने मांग की कि घटना में शामिल लोगों की जल्द पहचान कर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
समिति के प्रतिनिधिमंडल में महासचिव अमर सिंह सुंडी, बीरबल गुड़िया, सेरगेया अंगारिया, माधव चन्द्र कोड़ा, बलभद्र बिरुली, प्रदीप चातर, भीमसेन मारला और गोपी लागुरी शामिल थे। पदाधिकारियों ने कुछ संदिग्ध बच्चों और युवकों की गतिविधियों पर चिंता जताते हुए देर रात तक घूमने वालों पर निगरानी रखने की मांग की। साथ ही शहर में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने तथा प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की आवश्यकता बताई। समिति ने कहा कि वर्तमान में पुलिस बेहतर कार्य कर रही है, लेकिन असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अतिरिक्त सतर्कता बेहद जरूरी है।
थाना प्रभारी ने कार्रवाई और सुरक्षा बढ़ाने का दिया आश्वासन
थाना प्रभारी रोहित कुमार ने समिति को आश्वस्त करते हुए कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने का प्रयास जारी है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी सेल प्रबंधन को शहर के महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए पत्र भेजा गया था। अब पुनः सेल प्रबंधन से समन्वय स्थापित कर जल्द कैमरे लगाने की दिशा में पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस और समाज के सहयोग से अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाया जाएगा।