डालसा द्वारा आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में निःशुल्क कानूनी सहायता योजनाओं पर दी गई विस्तृत जानकारी
डीएलएसए ने न्याय तक आसान पहुंच का दिया संदेश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जिला विधिक सेवा प्राधिकार जमशेदपुर की ओर से घाघीडीह सेन्ट्रल जेल में महिला बंदियों के लिए विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला जेलमेट्स को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार की भूमिका के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में मुख्य संसाधन व्यक्तियों के रूप में कुमार सौरभ त्रिपाठी, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल विदेश सिन्हा तथा सहायक लीगल एड डिफेंस काउंसिल रंजना कुमारी उपस्थित थीं। इस दौरान महिला बंदियों को महिला संरक्षण संबंधी कानूनों, न्याय तक आसान पहुंच और निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : डालसा सचिव ने घाघीडीह संप्रेषण गृह का किया निरीक्षण, बच्चों की सुविधाओं का लिया जायजा
महिला बंदियों को कानूनी अधिकारों के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुमार सौरभ त्रिपाठी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को न्याय पाने का अधिकार है और जिला विधिक सेवा प्राधिकार समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों तक न्याय पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने महिला बंदियों को किसी भी कानूनी समस्या या सहायता की आवश्यकता होने पर निःसंकोच डीएलएसए से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान संसाधन व्यक्तियों ने महिला बंदियों के सवालों का जवाब भी दिया तथा उन्हें विभिन्न विधिक सहायता योजनाओं और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के अंत में महिला बंदियों ने भी इस पहल की सराहना की और इसे उपयोगी बताया।



























