पुलिस प्रशासन और सामाजिक संगठनों ने अफवाहों से बचने व शांतिपूर्ण पर्व मनाने पर दिया जोर
अफवाहों से बचें और प्रशासन का सहयोग करें
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मुरी : बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सिल्ली थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन कर रहे फारूक मोमिन ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बकरीद के दौरान काटे जाने वाले बकरे के अवशेष, खराब चमड़े एवं हड्डियों को सही तरीके से जमीन में गाड़ दिया जाए ताकि आसपास रहने वाले अन्य समुदाय के लोगों की भावनाओं को ठेस न पहुंचे और आपसी भाईचारा कायम रहे। उन्होंने कहा कि सिल्ली क्षेत्र हमेशा से सामाजिक सौहार्द और एकता की मिसाल रहा है तथा इसे बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। बैठक में मौजूद लोगों ने भी आपसी सहयोग और सद्भाव के साथ पर्व मनाने का संकल्प लिया।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : जादूघुटू में भीषण सड़क हादसा: बाइक की ऑटो से टक्कर, सुरेंद्र हांसदा की मौत, एक गंभीर
त्योहारों में सामाजिक सौहार्द बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी
बैठक को संबोधित करते हुए सिल्ली थाना प्रभारी नवीन कुमार ने कहा कि शांतिपूर्ण बकरीद मनाने की जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन के साथ-साथ आम जनता की भी है। उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की। वहीं मुरी ओपी प्रभारी विकास कुमार पासवान ने कहा कि सिल्ली क्षेत्र में हमेशा शांति और भाईचारे के साथ पर्व-त्योहार मनाए जाते रहे हैं और इस बार भी इसी परंपरा को कायम रखा जाएगा। बैठक में अरुण कुमार यादव, उदय कुमार सिंह, मुन्ना सिंह, देवाशीष दत्ता, लालू उरांव, मोहम्मद चांद, राजेश साहु, मेघनाथ महतो, जसरुद्दीन समेत मुस्लिम कमेटी एवं शांति समिति के कई सदस्य उपस्थित थे।


























