माझी–परगना परंपरा के तहत आयोजित सभा में ग्रामीणों ने किया नए माझी का स्वागत
सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का लिया गया संकल्प
आदिवासी परंपराओं के संरक्षण को लेकर ग्रामीणों में उत्साह
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : दामुदीह गांव में पारंपरिक माझी–परगना शासन व्यवस्था के तहत नए ग्राम प्रधान के रूप में मानसिंह हांसदा को जिम्मेदारी सौंपी गई। निवर्तमान ग्राम प्रधान ठाकुर हांसदा ने अपने पुत्र मानसिंह हांसदा को पारंपरिक “दाहड़ी” प्रदान कर माझी पद की जिम्मेदारी औपचारिक रूप से हस्तांतरित की। इस अवसर पर आयोजित सभा में कालीकापुर तोरोप परगना के पुंता मुर्मू, जुगसलाई तोरोप परगना के दासमत हांसदा, आसनबनी तोरोप परगना के मानिक मुर्मू तथा देश जायरेत बिरेन टुडू समेत विभिन्न गांवों के माझी बाबा एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : जादूगोड़ा के मां रंकनी कापड़ गादी थान में बढ़ा विवाद, उपायुक्त से सुरक्षा की मांग
पारंपरिक शासन व्यवस्था को मजबूत करने पर दिया गया जोर
सभा के दौरान पुड़सी पींडा के माझी बाबा दसमत मुर्मू, ग्राम के पराणिक बाबा बुरजु टुडू, गोडेत बाबा मानसिंह हांसदा और गांव के मार्गदर्शक सुदर्शन भकत की उपस्थिति में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ नए माझी का स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने ग्राम की सामाजिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि माझी–परगना व्यवस्था आदिवासी समाज की पहचान और सांस्कृतिक विरासत है, जिसे आने वाली पीढ़ियों तक मजबूत रूप से पहुंचाना जरूरी है। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने नए ग्राम प्रधान को शुभकामनाएं दीं।























