सामाजिक कार्यकर्ता रामेश्वर सरदार ने बाहरी लोगों पर माहौल बिगाड़ने का लगाया आरोप
‘जातीय रंग देकर विवाद फैलाने की कोशिश’, पत्र में लगाए गए गंभीर आरोप
भूमिज समाज ने परंपरागत पूजा-अधिकार बनाए रखने की उठाई मांग
मां रंकनी कापड़ गादी थान विवाद पर प्रशासनिक कार्रवाई की मांग तेज
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : जादूगोड़ा स्थित सुप्रसिद्ध मां रंकनी कापड़ गादी थान को लेकर विवाद अब खुलकर सामने आने लगा है। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता रामेश्वर सरदार ने जिले के उपायुक्त को पत्र लिखकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में बाहरी लोगों द्वारा अशांति फैलाने की आशंका जताई है। उन्होंने पोटका प्रखंड के रोहणी बेड़ा मौजा में रैयती और वन भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए मां रंकनी कापड़ गादी थान की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि यह स्थल प्राचीन काल से भूमिज परंपरा के अनुसार सोहदा गादी के अंतर्गत आता है और स्थानीय लोग इसे कापड़ गादी घाट के रूप में जानते हैं।
इसे भी पढ़ें : Chandil : चांडिल की हरिजन कालिंदी बस्ती बदहाली की मिसाल, 1800 आबादी आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित
मंदिर और भूमि विवाद को लेकर प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग
उपायुक्त को भेजे गए पत्र में रामेश्वर सरदार ने आरोप लगाया है कि कुछ बाहरी लोग रोहणी बेड़ा क्षेत्र में बस गए हैं, जो मूल निवासी नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि ये लोग जातीयता का रंग घोलकर कापड़ गादी घाट में विवाद उत्पन्न करने और स्थानीय लोगों के बीच तनाव फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। पत्र में धीरोल, चिमाई जुड़ी, रानीकुदर, वीरवाद और कूदापाल क्षेत्र के कुछ लोगों का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि वे रैयत कोदा भूमिज समुदाय की जमीन तथा वन भूमि पर अवैध दखल कर बैठे हैं। सामाजिक कार्यकर्ता ने आशंका जताई कि यदि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया तो क्षेत्र का माहौल खराब हो सकता है।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : घाटशिला में आंधी-तूफान से भारी नुकसान, विधायक सोमेश चन्द्र सोरेन ने प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा
भूमि और परंपरा को लेकर बढ़ी स्थानीय लोगों की चिंता
पत्र में यह भी कहा गया है कि भूमिज समाज वर्षों से मां रंकनी कापड़ गादी घाट में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना करता आ रहा है। आरोप लगाया गया कि मंदिर परिसर में रह रहे कुछ लोग ग्राम सभा पर अधिपत्य जमाने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे स्थानीय समाज में असंतोष बढ़ रहा है। रामेश्वर सरदार ने उपायुक्त से मांग की है कि बाहरी लोगों के हस्तक्षेप पर रोक लगाई जाए तथा मंदिर और आसपास के क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि धार्मिक परंपरा और सामाजिक सौहार्द बना रहे। इस मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।























