परगना आयो पुनता मुर्मू ने पारंपरिक रीति से सौंपी जिम्मेदारी, ग्रामीणों ने किया स्वागत
गांव के विकास और युवाओं को शिक्षा से जोड़ने का लिया संकल्प
पारंपरिक नेतृत्व के जरिए सामाजिक एकता मजबूत करने की पहल
जेबी लाइव, रिपोर्टर
नरवा पहाड़ : नरवा पहाड़ स्थित कालिकापुर पंचायत के मातकुमडीह गांव में संथाल समाज की पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था को आगे बढ़ाते हुए राजेश मुर्मू को नए माझी बाबा के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई। कालिकापुर तरफ परगना पुनता मुर्मू ने निवर्तमान माझी बाबा सालखू मुर्मू के पुत्र राजेश मुर्मू को पगड़ी पहनाकर तथा शपथ दिलाकर गांव का नया माझी बाबा घोषित किया। यह निर्णय ग्रामीणों की आम सहमति से लिया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक रीति के अनुसार पानी से चरण धोकर नए माझी बाबा का स्वागत किया। मौके पर समाज और गांव के प्रति न्याय तथा जिम्मेदारी निभाने की शपथ भी दिलाई गई।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : दामुदीह गांव में मानसिंह हांसदा बने नए ग्राम प्रधान, पारंपरिक दाहड़ी देकर सौंपी गई जिम्मेदारी
संथाल समाज की स्वशासन परंपरा को आगे बढ़ाने पर जोर
नए माझी बाबा राजेश मुर्मू ने कहा कि उनके पिता सालखू मुर्मू के स्वास्थ्य को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है और वे समाज की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने गांव की सामाजिक व्यवस्था को मजबूत करने, युवाओं को शिक्षा से जोड़ने और गांव को समृद्धि की ओर ले जाने को अपनी पहली प्राथमिकता बताया। इस अवसर पर देश जायरेत वीरेन टुडू, जुगसलाई परगना बाबा दसमत हांसदा, कालिकापुर तरफ परगना पुनता मुर्मू, निवर्तमान माझी बाबा सालखू मुर्मू सहित कई माझी बाबा एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सुशांतो हेंब्रम, मानसिंह हांसदा, रघुनाथ मुर्मू, अनिल मुर्मू, उदय मुर्मू, मुखिया बाघराय सोरेन, भोजो मार्डी, हरिपदों मुर्मू, सुंदर सोरेन, नाने सोरेन, घनी राम मुर्मू और ईश्वर मुर्मू समेत अन्य लोगों ने नए माझी बाबा को आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं।























