सेल चिड़िया माइंस में स्थानीय युवाओं को नौकरी देने का प्रस्ताव पारित
पेयजल संकट, मुआवजा और सड़क-बिजली की समस्याओं पर भी हुई चर्चा
पेयजल और मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : क्षेत्र के छोटानागरा पंचायत अंतर्गत दुबिल गांव में मंगलवार सुबह ग्राम सभा का आयोजन किया गया। दुलाल गुमटी के समीप आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता ग्राम मुंडा रामलाल चाम्पिया ने की। ग्राम सभा में रोजगार, मुआवजा, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा सेल की चिड़िया/दुबिल माइंस में स्थानीय बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार देने का रहा। ग्रामीणों ने कहा कि खदान क्षेत्र से प्रभावित होने के बावजूद स्थानीय युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही है, जिससे उनमें भारी नाराजगी है। ग्राम सभा ने प्रस्ताव पारित कर दुबिल गांव के करीब 200 बेरोजगार युवक एवं युवतियों को प्राथमिकता के आधार पर सेल चिड़िया माइंस में रोजगार देने की मांग की।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा थाना की तत्परता से भटके युवक की हुई पहचान, परिजनों को मिली बड़ी राहत
खदान प्रभावित ग्रामीणों ने रोजगार में स्थानीय नीति लागू करने की उठाई मांग
ग्राम सभा में पेयजल संकट का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। ग्रामीणों ने गांव के आठ चापाकलों पर जल्द जलमीनार लगाने की मांग करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के कारण पानी की समस्या गंभीर हो गई है। बैठक में माइंस से प्रभावित जमीन के बदले उचित मुआवजा और प्रभावित परिवारों को रोजगार देने की मांग भी की गई। ग्रामीणों का कहना था कि वर्षों से उनकी जमीन खनन कार्यों से प्रभावित हो रही है, लेकिन अब तक उन्हें अपेक्षित लाभ नहीं मिला। इसके अलावा गांव की सड़क, बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की मांग भी ग्राम सभा में उठाई गई। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवक-युवतियां और गांव के गणमान्य लोग मौजूद रहे तथा सभी ने एकजुट होकर गांव के विकास और अधिकारों की लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया।






















