घुटनों तक पानी में आवागमन को मजबूर लोग, कोयल-कोयना नदी के बढ़ते जलस्तर से भी चिंता
कोयल-कोयना नदी के बढ़ते जलस्तर से बढ़ी चिंता
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मनोहरपुर : बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के प्रभाव से पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर, आनंदपुर, सारंडा, कोल्हान और पोड़ाहाट क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक 16 से 17 मिलीमीटर बारिश होने की संभावना जताई है। लगातार बारिश का सबसे अधिक असर मनोहरपुर बाजार में देखने को मिल रहा है। पुराना पोस्ट ऑफिस मार्ग और बैंक रोड से स्कूल की ओर जाने वाली मुख्य सड़कें पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं। सड़क पर जगह-जगह कीचड़ जमा होने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जुगसलाई में मल्लिक प्लाईवुड दुकान चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार
लगातार बारिश से मनोहरपुर में बढ़ी परेशानी
भारी बारिश के कारण मनोहरपुर बाजार की मुख्य सड़क तालाब में तब्दील हो गई है। कई स्थानों पर घुटनों तक पानी भर गया है, जबकि सड़क किनारे स्थित दुकानों और घरों में भी बारिश का पानी प्रवेश कर गया है। स्कूली बच्चों, दुकानदारों और राहगीरों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान हर साल ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है। नालियों के जाम रहने और समुचित जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर जलजमाव की समस्या गंभीर हो जाती है। लोगों ने स्थायी जल निकासी व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि हर बारिश में बाजारवासियों को परेशानी न झेलनी पड़े।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : गोलमुरी में ज्वेलरी दुकान में बड़ी चोरी, वेंटिलेटर काटकर लाखों के आभूषण ले उड़े चोर
जलनिकासी व्यवस्था नहीं होने से सड़क बनी तालाब
इधर, लगातार बारिश के कारण क्षेत्र से गुजरने वाली कोयल और कोयना नदियों के जलस्तर में भी बढ़ोतरी की आशंका है। नदी के तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है और ग्रामीण लगातार नदी के जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो निचले इलाकों में जलजमाव और नदी किनारे रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जलस्तर की नियमित निगरानी करने और संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारी रखने की मांग की है।
























