कारो नदी का बढ़ा जलस्तर, प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की दी सलाह
प्रशासन ने जारी की सतर्कता और सुरक्षा सलाह
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : बंगाल की खाड़ी में सक्रिय गहरे अवदाब का असर झारखंड-ओड़िशा सीमावर्ती सारंडा क्षेत्र में साफ दिखाई दे रहा है। पिछले करीब 36 घंटे से गुवा, किरीबुरू, मेघाहातुबुरु और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश, तेज ठंडी हवाओं और घने कोहरे का दौर जारी है। लगातार खराब मौसम के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। आम लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बीच बच्चे छाता और रेनकोट के सहारे स्कूल पहुंच रहे हैं। ठंडे मौसम और लगातार हो रही वर्षा से क्षेत्र में सामान्य गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं।
इसे भी पढ़ें : Manoharpur : उपायुक्त मनीष कुमार ने बरंगा विद्यालय का किया निरीक्षण, छात्राओं से संवाद कर परखी शिक्षा व्यवस्था
बारिश और कोहरे से जनजीवन प्रभावित
लगातार बारिश का असर स्थानीय बाजारों पर भी देखने को मिल रहा है। सामान्य दिनों की तुलना में बाजारों में चहल-पहल काफी कम हो गई है और दुकानदारों की बिक्री प्रभावित हुई है। वहीं दूसरी ओर, 36 घंटे से जारी बारिश के कारण गुवा-बड़ाजामदा मुख्य मार्ग पर बोकना गांव स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप कारो नदी पर बनी लोहा पुलिया पूरी तरह जलमग्न हो गई है। नदी का पानी पुलिया के ऊपर से बह रहा है, जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों के लिए खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोग भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और जलस्तर बढ़ने की आशंका से चिंतित हैं।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : लगातार बारिश से बागों और रोलडीह की सड़कें जलमग्न, ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित
कारो नदी के बढ़ते जलस्तर से बढ़ी चिंता
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गुवा प्रशासन ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट कहा है कि पुलिया के ऊपर से पानी बहने के दौरान उसे पार करने का प्रयास न करें, क्योंकि जलस्तर बढ़ने पर कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। साथ ही लोगों को अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने, नदी-नालों के समीप नहीं जाने तथा मछली पकड़ने के लिए नदी में प्रवेश नहीं करने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग द्वारा अगले कुछ समय तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई गई है, जिससे प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
























