लो वोल्टेज, बिजली कटौती और बिल गड़बड़ी को लेकर फूटा लोगों का गुस्सा
तैयार पावर ग्रिड चालू करने की मांग, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मुरी : सिल्ली क्षेत्र में लगातार बिगड़ती बिजली व्यवस्था के खिलाफ बुधवार को पावर हाउस सिल्ली रामडेरा के समक्ष आजसू पार्टी के बैनर तले एक दिवसीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए और विभागीय लापरवाही के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिला परिषद उपाध्यक्ष वीणा देवी ने कहा कि सिल्ली की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है और इसके लिए वर्तमान सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में आए दिन लो वोल्टेज, अघोषित बिजली कटौती और बिजली बिल में गड़बड़ी जैसी समस्याओं से आम जनता परेशान है।
इसे भी पढ़ें : Galudih : विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने पीड़ित परिवार को दिया सहारा, श्राद्ध कर्म के लिए पहुंचाया सूखा राशन
बिजली संकट से ग्रामीणों में बढ़ रहा आक्रोश
धरना प्रदर्शन में प्रखंड प्रमुख जितेंद्र नाथ बड़ाइक, पूर्व जिला परिषद सदस्य गौतम कृष्णा साहू, पूर्व मुखिया डब्लू महली, राजा पुष्पेंद्र नाथ सिंह देव और सविता रानी समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने वर्तमान विधायक को भी बिजली संकट के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए विरोध जताया। आंदोलनकारियों ने विभाग से तत्काल बिजली व्यवस्था में सुधार और तैयार पावर ग्रिड को शीघ्र चालू करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के अंत में विभागीय अधिकारियों को मांग पत्र सौंपा गया।
























