Share

Gua : जगन्नाथपुर क्षेत्र की समस्याओं को लेकर विधायक सोनाराम सिंकू ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात

  • प्रोजेक्ट भवन में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से हुई शिष्टाचार भेंट
  • गरीब और पिछड़े वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर दिया जोर

जेबी लाइव, रिपोर्टर

गुवा : जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं एवं विकास योजनाओं को लेकर विधायक सह उप मुख्य सचेतक (सत्तारूढ़ दल) सोनाराम सिंकू ने रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान विधायक ने विधानसभा क्षेत्र की आधारभूत समस्याओं, ग्रामीण विकास और जनकल्याण से जुड़े कई मुद्दों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

इसे भी पढ़ें : Gua : हाथी प्रभावित परिवारों को विधायक सोनाराम सिंकू ने सौंपा मुआवजा

समावेशी विकास को बताया क्षेत्रीय प्रगति का मूल मंत्र

मुलाकात के दौरान सोनाराम सिंकू ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए योजनाओं का समावेशी होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि समाज के सबसे गरीब और पिछड़े वर्ग तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही वास्तविक विकास है। विधायक ने कहा कि इसके लिए स्थानीय प्रशासन और जनता की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है तथा क्षेत्र के विकास और जनहित के मुद्दों को लेकर उनका सतत प्रयास जारी रहेगा।

Leave a Comment

Baharagoda : बहरागोड़ा पावर सब-स्टेशन में आधी रात को बवाल, 40 अज्ञात लोगों पर FIR दर्ज

शटडाउन विवाद को लेकर उग्र भीड़ ने कर्मियों से की मारपीट, सरकारी संपत्ति में तोड़फोड़ बिजलीकर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत

  • शटडाउन विवाद को लेकर उग्र भीड़ ने कर्मियों से की मारपीट, सरकारी संपत्ति में तोड़फोड़
  • बिजलीकर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की उठाई मांग

जेबी लाइव, रिपोर्टर

बहरागोड़ा : बरसोल थाना क्षेत्र स्थित जगन्नाथपुर पावर सब स्टेशन (PSS) में मंगलवार देर रात बिजली आपूर्ति को लेकर बड़ा हंगामा हो गया। जानकारी के अनुसार बेनाशोली क्षेत्र में बिजली जोड़ने के लिए साइड लाइन शटडाउन नहीं दिए जाने से नाराज 35 से 40 अज्ञात लोगों की भीड़ अचानक पावर सब-स्टेशन परिसर में घुस गई। आरोप है कि उग्र भीड़ ने ड्यूटी पर तैनात ऑपरेटर और हेल्पर के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इसके बाद कार्यालय में रखी कुर्सियां, टेबल और इलेक्ट्रिक कूलर समेत कई सरकारी सामानों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों में दहशत का माहौल व्याप्त है।

इसे भी पढ़ें : Baharagoda : हाथी-मानव संघर्ष रोकने के लिए एआई कैमरा पहल का भाजपा नेता चुनु माहाली ने किया स्वागत

कनीय अभियंता के बयान पर दर्ज हुआ मामला, पुलिस कर रही छापेमारी

घटना के बाद कनीय अभियंता अमीर हमजा के बयान पर बरसोल थाना में केस संख्या 17/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वहीं घटना से भयभीत बिजलीकर्मियों ने विभागीय अधिकारियों से पावर सब-स्टेशन परिसर में सुरक्षा गार्डों की तैनाती, दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई और क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित करने की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि वे दिन-रात आपातकालीन सेवा में लगे रहते हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।

Baharagoda : हाथी-मानव संघर्ष रोकने के लिए एआई कैमरा पहल का भाजपा नेता चुनु माहाली ने किया स्वागत

संवेदनशील गांवों में भी स्मार्ट निगरानी व्यवस्था लागू करने की उठी मांग लगातार हाथियों के आतंक से दहशत में जी

  • संवेदनशील गांवों में भी स्मार्ट निगरानी व्यवस्था लागू करने की उठी मांग
  • लगातार हाथियों के आतंक से दहशत में जी रहे ग्रामीण

जेबी लाइव, रिपोर्टर

बहरागोड़ा : पूर्वी सिंहभूम समेत झारखंड के विभिन्न वन क्षेत्रों में बढ़ते हाथी-मानव संघर्ष को नियंत्रित करने के लिए वन विभाग द्वारा एआई (AI) तकनीक आधारित कैमरा सिस्टम लगाने की पहल का भाजपा नेता चुनु माहाली ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि चाकुलिया वन क्षेत्र, दलमा वाइल्डलाइफ सेंचुरी और चांडिल इलाके में 26 एआई कैमरे लगाने का निर्णय सराहनीय कदम है, जिससे जंगली हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने वन विभाग से मांग की कि दारिशोल बीट के लुगाहारा, दुधकुण्डी, लोधनबनी, पानीशोल और धोडांरी सहित मानुषमुड़िया बीट के धानघोरी, मांगड़ोशोल, सोनाकड़ा, भादुआ तथा बेनाशोली जैसे संवेदनशील गांवों को भी इस परियोजना में प्राथमिकता के आधार पर शामिल किया जाए।

इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बकरीद पर बहरागोड़ा, मटिहाना और चिंगडा में दिखी कौमी एकता की मिसाल

ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए ऑटोमैटिक सायरन सिस्टम लगाने की मांग

भाजपा नेता चुनु माहाली ने कहा कि इन क्षेत्रों में जंगली हाथियों के झुंड लगातार फसलों, घरों और लोगों की जान-माल को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे ग्रामीण भय के माहौल में जीवन बिताने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि यदि इन गांवों में 24 घंटे निगरानी करने वाले स्मार्ट एआई कैमरे और ऑटोमैटिक सायरन सिस्टम लगाए जाते हैं तो हाथियों की मौजूदगी की सूचना तुरंत ग्रामीणों तक पहुंच सकेगी। इससे लोग समय रहते सुरक्षित स्थानों पर जा सकेंगे और बड़ी दुर्घटनाओं को रोका जा सकेगा। उन्होंने वन विभाग से तकनीक आधारित इस पहल को जल्द से जल्द ग्रामीण इलाकों तक पहुंचाने की मांग करते हुए कहा कि इससे मानव और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।

Baharagoda : बकरीद पर बहरागोड़ा, मटिहाना और चिंगडा में दिखी कौमी एकता की मिसाल

ईदगाह मैदान में अदा की गई विशेष नमाज, देश की खुशहाली के लिए मांगी दुआएं प्रशासन रहा पूरी तरह सतर्क,

  • ईदगाह मैदान में अदा की गई विशेष नमाज, देश की खुशहाली के लिए मांगी दुआएं
  • प्रशासन रहा पूरी तरह सतर्क, हर जगह दिखी पुलिस की मुस्तैदी

जेबी लाइव, रिपोर्टर

बहरागोड़ा : ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का त्योहार गुरुवार को बहरागोड़ा, मटिहाना और चिंगडा क्षेत्रों में अकीदत, उत्साह और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। सुबह से ही बहरागोड़ा के स्थानीय ईदगाह मैदान में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। नए परिधानों में पहुंचे बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने कतारबद्ध होकर बकरीद की विशेष नमाज अदा की। नमाज के दौरान लोगों ने देश में अमन-चैन, आपसी भाईचारे और तरक्की के लिए सामूहिक दुआएं मांगी। नमाज के बाद पूरा माहौल “ईद मुबारक” की शुभकामनाओं से गूंज उठा और लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर पर्व की बधाई दी। त्योहार को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

इसे भी पढ़ें : Dumaria : डुमरिया के पाडसी गाजाड़ टोला में गहराया पेयजल संकट, गड्ढे का पानी पीने को मजबूर सबर परिवार

सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ पर्व

बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। ईदगाह मैदान समेत संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। स्थानीय प्रशासन और पुलिसकर्मी लगातार क्षेत्र में निगरानी करते रहे ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। पर्व के दौरान बहरागोड़ा क्षेत्र में गंगा-जमुनी तहजीब और कौमी एकता की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली। लोगों ने कहा कि बकरीद का त्योहार त्याग, भाईचारे और इंसानियत का संदेश देता है। पूरे दिन क्षेत्र में सौहार्दपूर्ण माहौल बना रहा और लोगों ने प्रेम व सद्भाव के साथ त्योहार मनाया।

Dumaria : डुमरिया के पाडसी गाजाड़ टोला में गहराया पेयजल संकट, गड्ढे का पानी पीने को मजबूर सबर परिवार

विकास से कोसों दूर 12 सबर परिवार, खराब पड़ा सोलर जलमीनार प्लास्टिक की झोपड़ी में गुजरती है जिंदगी, खुले आसमान

  • विकास से कोसों दूर 12 सबर परिवार, खराब पड़ा सोलर जलमीनार
  • प्लास्टिक की झोपड़ी में गुजरती है जिंदगी, खुले आसमान के नीचे पढ़ते हैं बच्चे
  • वीर सिंह देवगम ने उपायुक्त से की हस्तक्षेप की मांग

जेबी लाइव, रिपोर्टर

डुमरिया : झारखंड सरकार जहां विलुप्त होती सबर जनजाति के विकास को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं डुमरिया प्रखंड के लांगो गांव स्थित पाडसी गाजाड़ टोला की स्थिति इन दावों की पोल खोल रही है। पोटका विधानसभा क्षेत्र के इस टोला में 12 सबर परिवार वर्षों से मूलभूत सुविधाओं के अभाव में जीवन गुजारने को मजबूर हैं। गांव तक पहुंचने के लिए समुचित रास्ता तक नहीं है। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच यहां पेयजल संकट गहरा गया है। ग्रामीणों के अनुसार बीते एक वर्ष से टोला का सोलर जलमीनार खराब पड़ा हुआ है, जिससे लोगों को आधा किलोमीटर दूर गड्ढे से पानी लाकर अपनी प्यास बुझानी पड़ रही है। पीने के पानी के साथ-साथ स्नान के लिए भी कोई तालाब उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण लोग गड्ढे में जमा गंदे पानी का ही उपयोग कर रहे हैं।

इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा सेल अस्पताल की सुविधाओं को लेकर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ की समीक्षा बैठक

आवास और आंगनबाड़ी जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव

पाडसी गाजाड़ टोला के सबर परिवार आज भी विकास की मुख्यधारा से पूरी तरह कटे हुए हैं। यहां अधिकांश परिवार झोपड़ियों में रहने को मजबूर हैं और बरसात के दिनों में प्लास्टिक बांधकर रात गुजारते हैं। ग्रामीणों को अबुआ आवास और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ भी नहीं मिल पाया है। बच्चों की शिक्षा की स्थिति भी दयनीय है। गांव में बन रहा आंगनबाड़ी केंद्र पिछले एक वर्ष से अधूरा पड़ा हुआ है, जिसके कारण छोटे बच्चे खुले आसमान के नीचे प्लास्टिक टांगकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं। ग्रामीण सोनिया सबर और झानू सबर ने बताया कि खराब पड़े सोलर जलमीनार की शिकायत कई बार की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

इसे भी पढ़ें : Muri : सिल्ली में बिजली व्यवस्था चरमराई, आजसू का पावर हाउस के समक्ष धरना प्रदर्शन

सबर जनजाति के विकास योजनाओं में बिचौलियों पर उठे सवाल

क्षेत्र के जनता दल यूनाइटेड के ग्रामीण जिला महासचिव वीर सिंह देवगम ने कहा कि सरकार सबर जनजाति के विकास के लिए योजनाएं तो बनाती है, लेकिन जमीनी स्तर पर बिचौलियों के हावी होने के कारण लाभ जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच पाता। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास योजनाओं की राशि बीच में ही हड़प ली जाती है, जिससे गरीब परिवार आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने जिले के उपायुक्त से खराब पड़े सोलर जलमीनार को जल्द दुरुस्त कराने, अधूरे आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण पूरा कराने तथा सबर परिवारों को आवास एवं पेयजल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि इन परिवारों का जीवन स्तर सुधर सके।

Gua : गुवा सेल अस्पताल की सुविधाओं को लेकर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ की समीक्षा बैठक

अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार को लेकर यूनियन ने उठाई कई मांगें मरीजों की सुविधाओं और इलाज व्यवस्था को

  • अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार को लेकर यूनियन ने उठाई कई मांगें
  • मरीजों की सुविधाओं और इलाज व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर
  • यूनियन ने जॉब कांटेक्ट परिवर्तन का किया विरोध

जेबी लाइव, रिपोर्टर

गुवा : गुवा सेल अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन ने मजदूरों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने की। उन्होंने कहा कि यूनियन लंबे समय से अस्पताल की बुनियादी सुविधाओं में सुधार की मांग करती आ रही है, लेकिन अब तक कई समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है। बैठक में अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने, मलेरिया से बचाव हेतु डीटीडी छिड़काव और नियमित फॉगिंग कराने की मांग उठाई गई। इसके साथ ही अस्पताल के लिए नई वातानुकूलित एंबुलेंस उपलब्ध कराने तथा राउरकेला अस्पताल जाने वाली एंबुलेंस में भी एसी सुविधा सुनिश्चित करने की मांग रखी गई।

इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा में शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई बकरीद की नमाज

लैब सेवा, ब्लड बैंक और एक्सरे मशीन की मांग हुई तेज

बैठक में यूनियन नेताओं ने रविवार को भी लैब सेवा चालू रखने, अस्पताल में ब्लड बैंक शुरू करने तथा अल्ट्रासाउंड सुविधा बहाल करने की मांग की। साथ ही अस्पताल में नया एक्सरे मशीन लगाने और पुराने जर्जर बेड को बदलकर नए बेड उपलब्ध कराने की बात कही गई। यूनियन ने आरोप लगाया कि मरीजों को रेफर किए जाने के बाद रिव्यू के दौरान डॉक्टरों द्वारा उन्हें प्रताड़ित किया जाता है, जिसमें सुधार की आवश्यकता है। इसके अलावा दावों के नॉन स्टॉप पर बिल जमा होने के बावजूद ठेका मजदूरों का सात माह से लंबित भुगतान अविलंब करने की मांग उठाई गई। संघ ने अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की बहाली, आरओ वाटर की नियमित आपूर्ति और मरीजों को बीमारी के अनुसार अलग-अलग गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।

इसे भी पढ़ें : Muri : सिल्ली में बिजली व्यवस्था चरमराई, आजसू का पावर हाउस के समक्ष धरना प्रदर्शन

सेल प्रबंधन को चार दिन का समय, कुछ मांगों पर शुरू हुआ काम

बैठक में रामा पांडे ने कहा कि सेल प्रबंधन सप्लाई मजदूरों को जॉब कांटेक्ट में परिवर्तन करने की योजना बना रहा है, जिसे यूनियन किसी भी कीमत पर लागू नहीं होने देगी। उन्होंने बताया कि इन सभी मांगों को लेकर दो दिन पूर्व सेल के सीजीएम चंद्रभूषण कुमार के साथ बैठक हुई थी। बैठक में प्रबंधन ने मांगों पर विचार करने के लिए चार दिन का समय मांगा है। यूनियन के अनुसार कुछ मांगों पर सेल प्रबंधन ने कार्य शुरू भी कर दिया है। साथ ही अस्पताल परिसर के शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की मांग दोहराई गई।

Gua : गुवा में शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई बकरीद की नमाज

मस्जिद में जुटे मुस्लिम समुदाय के लोग, भाईचारे का दिया संदेश एसडीपीओ और थाना प्रभारी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का

  • मस्जिद में जुटे मुस्लिम समुदाय के लोग, भाईचारे का दिया संदेश
  • एसडीपीओ और थाना प्रभारी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

जेबी लाइव, रिपोर्टर

गुवा : गुवा क्षेत्र में बकरीद का पर्व गुरुवार को श्रद्धा, उल्लास और शांतिपूर्ण माहौल के बीच मनाया गया। पर्व के अवसर पर सुबह लगभग 8 बजे गुवा स्थित मस्जिद में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सामूहिक रूप से बकरीद की नमाज अदा की। नमाज के दौरान पूरे क्षेत्र में भाईचारे और सौहार्द का वातावरण देखने को मिला। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी तथा अमन-चैन और आपसी प्रेम का संदेश दिया। पर्व को लेकर बच्चों और युवाओं में भी खासा उत्साह देखा गया। कई परिवारों में पारंपरिक रीति-रिवाजों के तहत कुर्बानी की तैयारी की गई।

इसे भी पढ़ें : Muri : सिल्ली में बिजली व्यवस्था चरमराई, आजसू का पावर हाउस के समक्ष धरना प्रदर्शन

सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ पर्व

बकरीद पर्व को लेकर गुवा प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। मस्जिद परिसर तथा बाजार क्षेत्र में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी ताकि पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए विनीत कुमार किंडो तथा नीतीश कुमार मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन की निगरानी में पूरे क्षेत्र में शांति और सौहार्द बना रहा। इस अवसर पर मोहम्मद तबारक, मोहम्मद मुबारक, सैयद राजू, मोहम्मद इम्तियाज, सलीम कुरैशी और शेख जावेद समेत बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग उपस्थित थे। लोगों ने कहा कि बकरीद का पर्व त्याग, भाईचारे और इंसानियत का संदेश देता है।

Leave a Comment

You cannot copy content of this page

Scroll to Top