जेएलकेएम केन्द्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो रहेंगे मौजूद, विभिन्न लंबित मामलों पर होगी सुनवाई
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मुरी : सिल्ली प्रखंड एवं अंचल कार्यालय से संबंधित विभिन्न जनसमस्याओं के त्वरित समाधान तथा आम जनता को उनके अधिकार दिलाने के उद्देश्य से झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) सिल्ली विधानसभा इकाई द्वारा 2 जून 2026 को प्रखंड सह अंचल कार्यालय, सिल्ली परिसर में “जन समस्या समाधान शिविर” का आयोजन किया जाएगा। शिविर में जेएलकेएम केन्द्रीय वरीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व प्रत्याशी सिल्ली विधानसभा सह रांची लोकसभा देवेन्द्र नाथ महतो उपस्थित रहकर लोगों की समस्याओं को सुनेंगे। साथ ही संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक पहल करेंगे। शिविर का उद्देश्य आम लोगों को सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक सेवाओं से जुड़ी परेशानियों का समाधान एक ही मंच पर उपलब्ध कराना है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर वन प्रमंडल एवं गीता थिएटर के निःशुल्क समर कैंप का भव्य समापन
आवास, पेंशन और भूमि संबंधी मामलों पर होगी विशेष सुनवाई
शिविर में आवास योजना, वृद्धावस्था पेंशन, राशन कार्ड, मंईयां सम्मान योजना, मनरेगा, जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र, दाखिल-खारिज, भूमि मापी, सीमांकन, लगान रसीद, एलपीसी तथा किसान सम्मान निधि सहित प्रखंड और अंचल कार्यालय से संबंधित अन्य लंबित मामलों पर विशेष रूप से सुनवाई की जाएगी। इस अवसर पर आम जनता से अपील की गई है कि वे अपने आवेदन की प्रति, रसीद तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं से अवगत कराएं। देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ समय पर मिलना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। यदि किसी व्यक्ति का आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित है या उसे बार-बार कार्यालयों का चक्कर लगाना पड़ रहा है, तो ऐसे मामलों को गंभीरता से उठाकर संबंधित विभागों के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा।


























