सात दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ समापन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : झांझीया गांव स्थित सदियों पुराने ऐतिहासिक शिव मंदिर में आयोजित सात दिवसीय ‘गाजन पर्व’ का समापन रविवार को श्रद्धा, आस्था और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हो गया। पर्व के अंतिम दिन बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने नेशनल हाईवे के समीप स्थित पवित्र तालाब में स्नान कर भगवान शिव की आराधना की। इसके बाद मुख्य पुजारी सौरभ मिश्रा के सानिध्य में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। मंदिर परिसर से निकली भव्य शोभायात्रा में श्रद्धालुओं ने ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन पर भक्ति भाव से हिस्सा लिया। पूरे क्षेत्र में ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से माहौल भक्तिमय बना रहा और दूर-दराज के ग्रामीण भी इस आयोजन में शामिल हुए।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रधान जिला जज ने किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
अंगारों पर चलकर और कीलें चुभाकर दिखाई अटूट आस्था
गाजन पर्व के दौरान भक्ति की पराकाष्ठा उस समय देखने को मिली जब शिवभक्तों ने अपनी धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कठिन तप और अनुष्ठानों का प्रदर्शन किया। कई श्रद्धालुओं ने जीभ में कीलें चुभाकर, कमर में लोहे की सलाखें पिरोकर तथा दहकते अंगारों पर नंगे पांव चलकर अपनी अटूट श्रद्धा और आध्यात्मिक विश्वास का परिचय दिया। इस अलौकिक दृश्य को देखने के लिए आसपास के गांवों सहित दूर-दूर से लोग पहुंचे। मंदिर परिसर में लगे मेले में लोगों ने खरीदारी, खानपान और सांस्कृतिक गतिविधियों का आनंद लिया। देर रात धार्मिक जुलूस को गोरियाभार मंदिर प्रांगण ले जाया गया, जहां पारंपरिक विधि-विधान के साथ गाजन पर्व का विधिवत समापन किया गया। आयोजन ने क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को एक बार फिर जीवंत कर दिया।



























