पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. दिनेश षाड़ंगी ने किया मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल का शुभारंभ
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला : फुलडुंगरी स्थित धरम बहाल में शनिवार को भागमति सेवा सदन के उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया। मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल का विधिवत उद्घाटन झारखंड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. दिनेश षाड़ंगी ने किया। अस्पताल के निदेशक सह पूर्व रेंजर रामजी राय ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ एवं शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य देवयानी मुर्मू, राम दास हांसदा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी भाग लिया।
इसे भी पढ़ें : Jhargram : दिगंतेर दिशारी के स्थापना दिवस पर प्रतिभाओं का सम्मान, समाजसेवियों को मिला गौरव सम्मान
ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा की जरूरत पर बल
अपने संबोधन में डॉ. दिनेश षाड़ंगी ने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना आज की बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भागमति सेवा सदन के शुरू होने से घाटशिला एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दूर-दराज के शहरों पर निर्भरता कम होगी। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को जनसेवा की भावना से कार्य करने तथा मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह में उपस्थित अतिथियों ने भी अस्पताल की स्थापना को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए इसके सफल संचालन और जनहित में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की कामना की।
























