आंगनवाड़ी, राशन दुकान और विद्यालय में पहुंची प्रशासनिक टीम, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं की निगरानी के लिए लगातार सक्रिय है प्रशासन
पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं की नियमित समीक्षा से व्यवस्था में सुधार की बढ़ी उम्मीद
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड की कुमारडूबी पंचायत में गुरुवार को प्रशासनिक अधिकारियों की टीम के औचक निरीक्षण से पूरे क्षेत्र में हलचल मच गई। एलआरडीसी नितिन निखिल सुरीन के नेतृत्व में पहुंचे प्रशासनिक दल में बीडीओ केशव भारती और सीओ राजा राम मुंडा भी शामिल थे। टीम ने सबसे पहले धुलियापाड़ा आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया, जहां बच्चों की उपस्थिति, साफ-सफाई की व्यवस्था तथा पोषाहार वितरण की स्थिति की जांच की गई। अधिकारियों ने केंद्र के संचालन से संबंधित अभिलेखों का भी अवलोकन किया। इसके बाद टीम जन वितरण प्रणाली की दुकान पहुंची, जहां स्टॉक रजिस्टर, खाद्यान्न वितरण व्यवस्था और लाभुकों को निर्धारित मात्रा में राशन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जांच की गई। अधिकारियों ने पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित कर्मियों को सरकारी योजनाओं के प्रभावी संचालन पर विशेष ध्यान देने की हिदायत दी गई।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : जादूगोड़ा के +2 विद्यालय में शिक्षकों का गंभीर संकट, 700 विद्यार्थियों का भविष्य अधर में
विद्यालय और पंचायत भवन में भी हुई जांच, अधिकारियों ने दिए सख्त निर्देश
निरीक्षण के दूसरे चरण में प्रशासनिक टीम कुमारडूबी मिडिल स्कूल पहुंची। यहां शिक्षकों की उपस्थिति रजिस्टर की जांच की गई तथा विद्यार्थियों को दिए जा रहे मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता का भी मूल्यांकन किया गया। अधिकारियों ने शिक्षा व्यवस्था और विद्यालय संचालन की स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। इसके बाद टीम ने पंचायत भवन का निरीक्षण कर विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति, कार्यालय संचालन और ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। एलआरडीसी नितिन निखिल सुरीन ने संबंधित कर्मियों को पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी सेविका, सहायिका, राशन डीलर तथा विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। प्रशासन की इस कार्रवाई को सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनहित से जुड़े कार्यों की निगरानी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



























