मेमोरियल ट्रस्ट ने 20 मैट्रिक टॉपर्स को किया सम्मानित, नि:शुल्क कोचिंग शुरू करने की घोषणा
नि:शुल्क कोचिंग की घोषणा से विद्यार्थियों में खुशी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका प्रखंड के जाहातु गांव में शुक्रवार को झारखंड आंदोलनकारी स्वर्गीय हिंदुराम बेसरा की प्रथम पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। स्व. हिंदुराम बेसरा मेमोरियल ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस अवसर पर वक्ताओं ने उनके संघर्षमय जीवन, झारखंड आंदोलन में योगदान और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को याद किया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभिन्न गांवों के लगभग 20 मैट्रिक टॉपर छात्र-छात्राओं को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। ट्रस्ट के सदस्यों ने कहा कि युवाओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना ही स्व. बेसरा को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा प्रखंड कार्यालय में नशा मुक्ति अभियान, अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली शपथ
मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर बढ़ाया गया उत्साह
कार्यक्रम में ट्रस्ट की ओर से कक्षा प्रथम से पांचवीं तक के बच्चों के लिए नि:शुल्क कोचिंग कक्षाएं शुरू करने की घोषणा भी की गई। वक्ताओं ने कहा कि स्व. हिंदुराम बेसरा झारखंड आंदोलन के सक्रिय सेनानी थे और अलग राज्य के गठन की लड़ाई में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा संगठन को मजबूत बनाने के साथ-साथ शिक्षा, समाजसेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया। रक्तदान शिविरों और सामाजिक कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भागीदारी को भी याद किया गया। कार्यक्रम में दुखनी सोरेन, प्रधानाध्यापक अमित कुमार, ग्राम प्रधान रबींद्र सोरेन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


























