गुवा थाना पुलिस, जेएसएलपीएस और बाल सुरक्षा अधिकार मंच ने संयुक्त रूप से किया आयोजन
नशे के दुष्प्रभावों से बच्चों को कराया अवगत
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा स्थित इस्को मिडिल स्कूल में गुवा थाना पुलिस, जेएसएलपीएस जेंडर सीआरपी तथा बाल सुरक्षा अधिकार मंच के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों पर ध्यान देना चाहिए। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार और समाज के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने का आग्रह किया।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : बिरसा हरित ग्राम योजना से बदली किसान की तकदीर, आम की बागवानी से लाखों की आय अर्जित कर रहे विजय मुंदूइया
नशा मुक्त समाज के निर्माण का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान जेएसएलपीएस जेंडर सीआरपी और बाल सुरक्षा अधिकार मंच के प्रतिनिधियों ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मादक पदार्थों का सेवन युवाओं के भविष्य को अंधकारमय बना सकता है, इसलिए समय रहते इसके प्रति जागरूक होना आवश्यक है। अभियान के अंत में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं को नशे के खिलाफ शपथ दिलाई गई तथा स्वस्थ, सुरक्षित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प कराया गया। इस अवसर पर थाना प्रभारी नीतीश कुमार, जेएसएलपीएस जेंडर सीआरपी गीता देवी, ममता देवी, बाल अधिकार सुरक्षा मंच की सदस्य पदमा केसरी, एस्पायर की शताक्षी दास, कृष्ण गोप, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
























