संगठन विस्तार और प्रखंड कमिटी गठन पर हुई चर्चा, नई जिम्मेदारी मिलने पर जताया आभार
संगठन को मजबूत बनाने पर हुआ मंथन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका के टांगरसाय में झारखंडी भाषा भाषी मूलनिवासी संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के जिला अध्यक्ष आनंद हेम्ब्रम ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में संघ के केंद्रीय अध्यक्ष संजय बेहरा उपस्थित रहे। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने, प्रखंड कमिटी के गठन और उसके विस्तार को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। उपस्थित पदाधिकारियों ने संगठन की गतिविधियों को गांव-गांव तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को संघ से जोड़ने पर जोर दिया। इस दौरान सर्वसम्मति से टांगरसाय (रांगमातीय) निवासी सुंदर टुडू को पोटका प्रखंड का नया प्रभारी मनोनीत किया गया। जिला अध्यक्ष आनंद हेम्ब्रम ने उन्हें सदस्यता रसीद प्रदान करते हुए संगठन विस्तार की जिम्मेदारी सौंपी।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा इस्को मिडिल स्कूल में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों को दिलाई गई शपथ
नई जिम्मेदारी निभाने का लिया संकल्प
नवनियुक्त प्रखंड प्रभारी सुंदर टुडू ने संगठन के केंद्रीय और जिला नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि पोटका प्रखंड कमिटी का गठन और विस्तार जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा, ताकि संगठन के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाया जा सके। बैठक में संगठन की भावी योजनाओं और सदस्यता अभियान को लेकर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर जिला महासचिव मुकेश कर्मकार, रमाकांत नायक, रवि मुखी सहित कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने संगठन को मजबूत बनाने और सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
























