आठ माह से बंद पड़ी जल मीनार फिर हुई चालू, बच्चों और ग्रामीणों को मिली राहत
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : नोवामुंडी प्रखंड के बड़ाजामदा स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय कांटेसाई में लंबे समय से बंद पड़ी पेयजल व्यवस्था एक बार फिर बहाल हो गई है। जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सोनाराम सिंकु के हस्तक्षेप से विद्यालय परिसर में स्थापित जल मीनार के लिए नया मोटर उपलब्ध कराया गया, जिसके बाद जलापूर्ति दोबारा शुरू हो गई। जानकारी के अनुसार, विद्यालय के बच्चों तथा आसपास के ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगभग तीन वर्ष पूर्व जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) फंड से जल मीनार का निर्माण कराया गया था। लेकिन करीब आठ माह पहले मोटर जल जाने के कारण जल मीनार पूरी तरह बंद हो गई थी। इसके चलते विद्यालय के छात्र-छात्राओं और आसपास के बस्तीवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने समस्या के समाधान के लिए कई बार संबंधित विभाग से संपर्क किया, लेकिन कोई ठोस पहल नहीं हो सकी।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, पाटपुर निवासी रवि बेहरा की मौत से सनसनी
विधायक के त्वरित हस्तक्षेप से मिली राहत, ग्रामीणों ने जताया आभार
ग्रामीणों द्वारा पेयजल संकट की जानकारी विधायक सोनाराम सिंकु को दिए जाने के बाद उन्होंने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल नया मोटर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की। मोटर लगने के बाद जल मीनार पुनः चालू हो गई है, जिससे विद्यालय के बच्चों को नियमित रूप से शुद्ध पेयजल मिलने लगा है। साथ ही आसपास के ग्रामीणों को भी पानी की सुविधा का लाभ मिल रहा है। लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने विधायक के इस त्वरित और जनहितकारी कदम की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते की गई इस पहल से बच्चों और आम लोगों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी जनसमस्याओं के समाधान के लिए इसी तरह संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाएगा।

























