ग्लोबल लीग डांस प्रतियोगिता में भाग लेने बैंकॉक जाएंगी प्रियंका, सम्मान समारोह में बढ़ाया गया उत्साह
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के खनन क्षेत्र गुआ की प्रतिभाशाली बेटी प्रियंका मिंज (24 वर्ष) अब अपनी नृत्य कला का प्रदर्शन अंतरराष्ट्रीय मंच पर करने जा रही हैं। बचपन से ही डांस के प्रति विशेष लगाव रखने वाली प्रियंका ने अपनी मेहनत, लगन और समर्पण के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। वह अपनी टीम के साथ आगामी 15 जुलाई से थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आयोजित होने वाली ग्लोबल लीग डांस प्रतियोगिता में भाग लेंगी। इस प्रतियोगिता में विभिन्न देशों के प्रतिभागी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे, जहां प्रियंका भी भारत और झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय देंगी। उनकी इस उपलब्धि से गुआ क्षेत्र के लोगों में खुशी और गर्व का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद प्रियंका ने जिस तरह अपने सपनों को साकार किया है, वह क्षेत्र की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है।
इसे भी पढ़ें : Gua : विद्यालय में पेयजल सुविधा बहाल, विधायक सोनाराम सिंकु ने उपलब्ध कराया नया मोटर
सम्मान समारोह में मिला उत्साह, देश-प्रदेश का नाम रोशन करने का संकल्प
प्रियंका मिंज की इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में गुआ के आये तोबे सोहचरी ग्रुप द्वारा एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रुप के सदस्यों ने उन्हें पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि प्रियंका की सफलता यह साबित करती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और कड़ी मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रियंका अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर देश, राज्य और गुआ का नाम रोशन करेंगी। सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रियंका ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगी और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत एवं झारखंड का गौरव बढ़ाने का हरसंभव प्रयास करेंगी।

























