झामुमो युवा नेता ने दिया भाईचारे और सौहार्द का संदेश, शहरवासियों से शांति बनाए रखने की अपील
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : मोहर्रम के पवित्र अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के युवा नेता सिमरन भाटिया ने जमशेदपुर के विभिन्न प्रमुख मोहर्रम अखाड़ों का दौरा कर अखाड़ा समितियों एवं स्थानीय लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मोहर्रम की तैयारियों का जायजा लिया और सभी को आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द एवं एकता का संदेश दिया। विभिन्न अखाड़ों में पहुंचने पर समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कई स्थानों पर उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। सिमरन भाटिया ने आयोजन समितियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुआ की बेटी प्रियंका मिंज थाईलैंड में दिखाएंगी नृत्य का जलवा, अंतरराष्ट्रीय मंच पर करेंगी झारखंड का प्रतिनिधित्व
मोहर्रम से मिलती है सत्य और इंसाफ के मार्ग पर चलने की प्रेरणा
अखाड़ा समितियों को संबोधित करते हुए सिमरन भाटिया ने कहा कि जमशेदपुर हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब, सामाजिक समरसता और कौमी एकता की मिसाल रहा है। उन्होंने कहा कि मोहर्रम का पर्व त्याग, बलिदान और सत्य के लिए संघर्ष की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर उन्होंने सभी शहरवासियों से शांति, अनुशासन और प्रेमभाव के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामाजिक सद्भाव और आपसी सम्मान ही समाज को मजबूत बनाते हैं। इस दौरान उनके साथ झामुमो के कई कार्यकर्ता और समर्थक भी मौजूद रहे, जिन्होंने विभिन्न अखाड़ों में जाकर लोगों को मोहर्रम की शुभकामनाएं दीं।

























