नशे में धुत आरोपी ने घर में घुसकर की वारदात, पुलिस ने गिरफ्तार कर बरामद की हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मंझारी : मंझारी थाना क्षेत्र के बड़ा तोरलो पंचायत स्थित मारिया साईं टोला में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां पारिवारिक विवाद ने दोहरे हत्याकांड का रूप ले लिया। आरोप है कि रमाय बिरुवा नामक व्यक्ति ने नशे की हालत में अपनी बहू (छोटे भाई की पत्नी) और आठ वर्षीय भतीजी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। मृतकों की पहचान 30 वर्षीय नानिका बिरुवा और उनकी आठ वर्षीय पुत्री शर्मीला बिरुवा के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम और भय का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, परिवार के भीतर लंबे समय से रहने को लेकर विवाद चल रहा था, जो शनिवार को हिंसक रूप में सामने आया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : चाईबासा में बाबूलाल मरांडी का राज्य सरकार पर हमला, डीएमएफटी फंड और विकास कार्यों पर उठाए सवाल
पति के घर से बाहर रहने के दौरान हुई वारदात
मृतका के पति दखल सिंह बिरुवा ने बताया कि घटना के समय वह गाय-बकरी चराने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान उनका बड़ा भाई रमाय बिरुवा घर पहुंचा और विवाद के दौरान नानिका बिरुवा तथा उनकी पुत्री शर्मीला पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दखल सिंह ने बताया कि उनकी पुत्री तुलसी बिरुवा ने खेत में जाकर घटना की जानकारी दी। जब वह घर पहुंचे तो आरोपी ने उन पर भी हमला करने का प्रयास किया। उन्होंने बचाव में पास में पड़ा एक बड़ा पत्थर उठा लिया, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला। बीच-बचाव करने पहुंचे कांडे बिरुवा भी आरोपी के हमले में घायल हो गए।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : चाईबासा कांग्रेस भवन में पी. वी. नरसिम्हा राव की जयंती पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना गांव के मानकी द्वारा मंझारी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दिलीप माझी के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया। इसके बाद पुलिस ने जंगल क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाकर मुख्य आरोपी रमाय बिरुवा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। मामले को लेकर क्षेत्र में लोगों के बीच गहरा आक्रोश और शोक व्याप्त है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : स्व. केके सिंह की जयंती पर विशाल रक्तदान शिविर, 254 यूनिट रक्त संग्रहित
पारिवारिक विवाद और नशे की लत को माना जा रहा मुख्य कारण
थाना प्रभारी दिलीप माझी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घर में रहने को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद को घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार आरोपी रमाय बिरुवा अत्यधिक नशा करता था और अक्सर परिवार के साथ विवाद करता रहता था। इसी कारण उसे अलग रहने की सलाह दी गई थी, जिससे वह नाराज था। पुलिस के अनुसार आरोपी का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। फिलहाल हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं था।























