91 वर्ष की आयु में ली अंतिम सांस, सामाजिक और धार्मिक क्षेत्र में रही सक्रिय पहचान
विभिन्न संगठनों ने व्यक्त किया गहरा शोक
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चाईबासा : चाईबासा में झारखंड जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र ज्योतिषी की माता सुंदर देवी का शनिवार को निधन हो गया। वह 91 वर्ष की थीं और पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं। शनिवार को अचानक उनकी तबीयत अधिक बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल चाईबासा के मूंधड़ा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान शाम करीब 5 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। सुंदर देवी अमलाटोला स्थित शनि साईं मंदिर की मुख्य पुजारिन थीं और धार्मिक गतिविधियों में उनकी विशेष रुचि थी। अपने सरल स्वभाव, मृदुभाषी व्यक्तित्व और सेवा भाव के कारण वह क्षेत्र में काफी सम्मानित थीं। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिजनों, शुभचिंतकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पत्रकारों में शोक की लहर दौड़ गई।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : झारखंड अंडर-19 क्रिकेट कैंप के लिए पश्चिमी सिंहभूम के चार खिलाड़ियों का चयन
धार्मिक और सामाजिक क्षेत्र में थी सुंदर देवी की विशेष पहचान
सुंदर देवी अपने पीछे पुत्र-पुत्री, नाती-पोते सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। परिजनों के अनुसार, उन्होंने जीवन के अंतिम समय तक परिवार के बीच रहकर सभी को अपना स्नेह और आशीर्वाद दिया। प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र ज्योतिषी ने बताया कि उनकी माता का अंतिम संस्कार रविवार को चाईबासा स्थित मुक्तिधाम में किया जाएगा। अंतिम संस्कार में परिवार के सदस्य, रिश्तेदार, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में शुभचिंतक शामिल होंगे। सुंदर देवी के निधन पर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और पत्रकार संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।























