गुरु पूर्णिमा, रक्तदान शिविर और वृक्षारोपण अभियान के सफल आयोजन को लेकर हुई विस्तृत चर्चा
आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर हुआ मंथन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर के भालूबासा स्थित गायत्री ज्ञान मंदिर में नवयुग दल एवं प्रज्ञा महिला मंडल, टाटानगर की एक विशेष गोष्ठी झारखंड प्रांत के समन्वयक संतोष कुमार राय की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के आगामी सेवा एवं सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा महापर्व, 9 अगस्त को विशाल रक्तदान शिविर तथा श्रावण मास के दौरान एक माह तक चलने वाले वृक्षारोपण अभियान को भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित किया जाएगा। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने इन कार्यक्रमों को समाजहित में महत्वपूर्ण बताते हुए अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर बल दिया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : विप्र फाउंडेशन झारखंड की नई कार्यकारिणी ने संभाला पदभार
श्रद्धांजलि सभा और जिम्मेदारियों का हुआ निर्धारण
गोष्ठी में विगत दो माह के दौरान महाप्रयाण कर चुके गायत्री परिवार के वरिष्ठ परिजनों की स्मृति में 12 जुलाई को गायत्री ज्ञान मंदिर, भालूबासा में श्रद्धांजलि सभा आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर दिवंगत परिजनों के परिवारों के साथ गायत्री परिवार के सदस्य श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए विभिन्न सदस्यों को जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। गुरु पूर्णिमा महापर्व के आयोजन का दायित्व रूबी शर्मा, नेहा भगत और रंजीता राय को दिया गया। वहीं रक्तदान शिविर के लिए संजीव कुमार सिन्हा, संगीता साल और आलोक सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई। श्रावण मास के वृक्षारोपण अभियान का नेतृत्व अमित वर्मा और संजय वर्मा करेंगे।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : स्व. गुरदयाल सिंह भाटिया की तीसरी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, समाजसेवा के योगदान को किया गया याद
वैवाहिक वर्षगांठ पर दी शुभकामनाएं, सेवा का लिया संकल्प
बैठक के उपरांत गायत्री परिवार के वरिष्ठ परिजन वीरेंद्र नाथ पांडे एवं सत्यवती पांडे की वैवाहिक वर्षगांठ हर्षोल्लास और आत्मीय वातावरण में मनाई गई। उपस्थित सभी सदस्यों ने उन्हें शुभकामनाएं एवं मंगलकामनाएं दीं। इस अवसर पर संगठन के सदस्यों ने आगामी सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पूर्ण समर्पण, अनुशासन और सेवा भावना के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण और मानव कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
























