विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान सामने आई गलती, बीडीओ को सौंपा गया आवेदन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका प्रखंड की गोवालकाटा पंचायत स्थित गोड़ग्राम के ग्रामीणों ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत भराए जा रहे गणना प्रपत्र में ग्राम का नाम गलत दर्ज किए जाने पर आपत्ति जताई है। ग्रामीणों का आरोप है कि गणना प्रपत्र में उनके गांव का नाम गोड़ग्राम के स्थान पर बलियागोड़ा अंकित कर दिया गया है। उनका कहना है कि यदि इस त्रुटि को समय रहते नहीं सुधारा गया तो भविष्य में मतदाता सूची, राशन कार्ड, निवास संबंधी दस्तावेजों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। मामले को गंभीर बताते हुए ग्रामीणों ने झामुमो नेताओं के साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) पोटका को लिखित आवेदन सौंपकर त्रुटि को तत्काल सुधारने की मांग की है। आवेदन में स्पष्ट रूप से गांव का सही नाम गोड़ग्राम दर्ज करने का अनुरोध किया गया है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में जनसमस्याओं को लेकर भाजपा का प्रदर्शन, बीडीओ को सौंपा मांग पत्र
दस्तावेजों के साथ प्रस्तुत किए साक्ष्य, जल्द कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने अपने आवेदन के साथ आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र तथा गणना प्रपत्र की छायाप्रति संलग्न कर यह प्रमाणित करने का प्रयास किया कि गांव का वास्तविक नाम गोड़ग्राम ही है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि इस त्रुटि को शीघ्र सुधारा जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की प्रशासनिक या दस्तावेजी समस्या उत्पन्न न हो। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी अभिलेखों में गांव का नाम गलत दर्ज होने से अनेक योजनाओं और सेवाओं का लाभ प्रभावित हो सकता है। इस अवसर पर ग्राम प्रधान शंकर पुराण, झामुमो के केंद्रीय सदस्य एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य हीरामणि मुर्मू, प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन, उपाध्यक्ष हितेश भकत, पंचायत समिति सदस्य त्रिलोचन टुडू, युवा नेता मिर्जा मरांडी, पिनाकी नायक, बिरेश मरांडी, बागुन मरांडी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में प्रशासन से शीघ्र सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की।























