देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में जिला स्कूल से अल्बर्ट एक्का चौक तक पदयात्रा, JPSC अध्यक्ष का पुतला दहन
मुख्य परीक्षा से पहले निष्पक्ष जांच कराने की उठी मांग
छात्रों और अभिभावकों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की उठाई मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा आयोजित 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों और अभिभावकों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में जिला स्कूल से अल्बर्ट एक्का चौक तक भव्य मशाल जुलूस और पदयात्रा निकाली गई। इस दौरान बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता, छात्र और अभिभावक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में मशाल लेकर परीक्षा में पारदर्शिता और निष्पक्षता की मांग करते हुए जोरदार नारेबाजी की। पूरे मार्ग में “JPSC अध्यक्ष मुर्दाबाद”, “झारखंड सरकार होश में आओ” और “छात्रों के साथ अन्याय बंद करो” जैसे नारों से माहौल गूंजता रहा।
इसे भी पढ़ें : Potka : 10 माह से बकाया कमीशन भुगतान की मांग, पीडीएस दुकानदारों ने सरकार से लगाई गुहार
अल्बर्ट एक्का चौक पर पुतला दहन कर जताया विरोध
पदयात्रा के बाद प्रदर्शनकारी अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचे, जहां JPSC अध्यक्ष का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया गया। इस अवसर पर देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि JPSC में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं ने अभ्यर्थियों का भरोसा कमजोर किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रारंभिक परीक्षा में व्यापक स्तर पर गड़बड़ियां हुई हैं, लेकिन आयोग अभ्यर्थियों की आपत्तियों को गंभीरता से लेने के बजाय मात्र 16 दिनों के भीतर मुख्य परीक्षा आयोजित करने की तैयारी कर रहा है। उनका कहना था कि जब तक प्रारंभिक परीक्षा की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच नहीं होती, तब तक मुख्य परीक्षा कराना लाखों अभ्यर्थियों के हितों के साथ अन्याय होगा।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : 70 साल बाद जादूगोड़ा पहुंची भारतीय जूनियर हैंडबॉल टीम, सीआरपीएफ ने किया भव्य स्वागत
राज्यपाल को सौंपे गए साक्ष्य, कार्रवाई की मांग
आंदोलनकारियों ने बताया कि परीक्षा में कथित अनियमितताओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य और साक्ष्य मंगलवार को राज्यपाल को सौंपे गए हैं। ज्ञापन के माध्यम से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। कार्यक्रम में संगठन के जिला अध्यक्ष गुणा भगत, पार्वती कुमारी, खलील खान, अयूब अली, रेहान अंसारी, अनुज सिंह, मनीष साहू, गजेंद्र महतो, श्रवण कुमार, रामप्रसाद महतो सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी, छात्र और अभिभावक मौजूद रहे।























