जिला प्रशासन ने मुख्य महाप्रबंधक को पत्र भेजकर मांगी त्वरित कार्रवाई
ग्रामीणों को सकारात्मक निर्णय का इंतजार, विकास की बढ़ी उम्मीद
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने सारंडा क्षेत्र के बहदा गांव को सेल मेघाहातुबुरु की कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) गांवों की सूची में शामिल कराने की दिशा में पहल तेज कर दी है। इस संबंध में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त कार्यालय की ओर से सेल मेघाहातुबुरु के मुख्य महाप्रबंधक को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है। प्रशासन का मानना है कि बहदा गांव को सीएसआर सूची में शामिल किए जाने से वहां विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। यह गांव सारंडा के दूरस्थ क्षेत्रों में स्थित है, जहां आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। जिला प्रशासन की इस पहल को ग्रामीणों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Gua : बड़ाजामदा में गहराई स्वच्छता संकट की समस्या, थाना प्रभारी ने नागरिकों से मांगा सहयोग
वर्ष 2023 के प्रस्ताव पर अब तक नहीं हुआ निर्णय
जिला प्रशासन द्वारा भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि वर्ष 2023 में भी बहदा गांव को सीएसआर गांवों की सूची में शामिल करने का प्रस्ताव सेल मेघाहातुबुरु को भेजा गया था, लेकिन अब तक इस पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया। अब एक बार फिर बहदा गांव की ग्राम सभा के प्रस्ताव और प्रतिवेदन को संलग्न करते हुए इस मांग को दोहराया गया है। यह प्रस्ताव मनोहरपुर प्रखंड के छोटानागरा पंचायत के माध्यम से भेजा गया है। जिला योजना शाखा के नोडल पदाधिकारी (सीएसआर) ने सेल प्रबंधन से आग्रह किया है कि मामले पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा एक सप्ताह के भीतर उपायुक्त कार्यालय को अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए। इससे प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : जगन्नाथपुर दौरे पर गीता कोड़ा ने ग्रामीणों से की मुलाकात, समस्याओं पर की चर्चा
सीएसआर सूची में शामिल होने से विकास योजनाओं को मिलेगा बल
बहदा गांव को यदि सेल मेघाहातुबुरु की सीएसआर सूची में स्थान मिल जाता है तो गांव के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। इसके तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, स्वच्छता तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा सकेंगी। साथ ही ग्रामीणों को कौशल विकास, रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक कल्याण से जुड़ी योजनाओं का भी लाभ मिलने की संभावना है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जिला प्रशासन की पहल के बाद सेल प्रबंधन सकारात्मक निर्णय लेकर बहदा गांव को सीएसआर सूची में शामिल करेगा। इससे सारंडा के इस दूरस्थ गांव के विकास को नई दिशा और गति मिलने के साथ ग्रामीणों के जीवन स्तर में भी सुधार आएगा।
























