- स्वास्थ्य विभाग की सक्रिय रणनीति से मरीजों की संख्या में आई कमी, निगरानी और जागरूकता अभियान जारी
- रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की सतत पहल जारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : ब्रेन मलेरिया पर नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अपने अभियान को और तेज कर दिया है। सोमवार को मलेरिया जांच शिविरों की संख्या बढ़ाकर 50 कर दी गई, जहां बड़ी संख्या में लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और संदिग्ध मरीजों की पहचान कर उनका उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि समय पर जांच और उपचार से बीमारी के प्रसार को रोकने में मदद मिल रही है, जिससे स्थिति में लगातार सुधार देखने को मिल रहा है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : 29 बार प्लेटलेट दान करने पर इंदरजीत सिंह को सीजीपीसी ने किया सम्मानित
सीएचसी पोटका में घट रही मरीजों की संख्या
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पोटका में भी ब्रेन मलेरिया के मरीजों की संख्या में कमी दर्ज की जा रही है। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुकांत सीट ने बताया कि प्रभार संभालने के बाद से रोकथाम के लिए प्रभावी रणनीति अपनाई गई, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मरीजों की संख्या लगातार घट रही है और जल्द ही मलेरिया पर पूरी तरह नियंत्रण पाने की उम्मीद है। स्वास्थ्य विभाग एहतियाती उपायों के तहत जांच, निगरानी और जागरूकता अभियान निरंतर जारी रखेगा, ताकि बीमारी पर पूर्ण नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।























