क्लब की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग के लिए प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधियों का सम्मान
उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए क्लब की उपलब्धियों को मिली पहचान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : इनर व्हील क्लब जमशेदपुर ईस्ट की ओर से सोमवार को साकची स्थित होटल जे.के. रेजिडेंसी में प्रेस एवं मीडिया के पत्रकारों के सम्मान में एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्लब की विभिन्न सामाजिक परियोजनाओं और जनहित कार्यक्रमों को पूरे वर्ष प्रमुखता से प्रकाशित कर क्लब की सकारात्मक एवं सशक्त छवि बनाने में योगदान देने वाले पत्रकारों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वर्ष 2026–27 की क्लब एडिटर रश्मि नारायण का भी प्रेस प्रतिनिधियों से परिचय कराया गया। उन्होंने पत्रकारों से संवाद करते हुए अपने कार्यकाल में बेहतर समन्वय, पारदर्शिता और सहयोग के साथ कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों और क्लब पदाधिकारियों के बीच आपसी संवाद और सहयोग को मजबूत बनाने पर भी चर्चा हुई।
इसे भी पढ़ें : Potka : ब्रेन मलेरिया पर नियंत्रण की दिशा में तेज हुआ अभियान, 50 शिविरों में हुई जांच
जिले स्तर पर मिले पुरस्कारों का किया गया प्रदर्शन
समारोह में वर्ष 2025–26 के दौरान क्लब द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए जिला स्तर पर प्राप्त पुरस्कारों का भी भव्य प्रदर्शन किया गया। इनमें मधुमिता राय को सर्वश्रेष्ठ संपादक, मन्जरि भट्टाचार्य को आउटस्टैंडिंग आईएसओ, नीलिमा प्रकाश को सर्वश्रेष्ठ कोषाध्यक्ष, अन्जुबाला को आउटस्टैंडिंग सेक्रेटरी तथा डॉ. मीना मुखर्जी को आउटस्टैंडिंग प्रेसिडेंट का सम्मान प्राप्त हुआ। इसके अलावा क्लब को सर्वश्रेष्ठ क्लब के रूप में गत वर्ष संचालित चार उत्कृष्ट परियोजनाओं के लिए भी प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि ये सम्मान क्लब की कार्यशैली, समर्पण, सेवा भावना और टीमवर्क का प्रमाण हैं। कार्यक्रम में क्लब की पूरी कार्यकारिणी और सक्रिय सदस्यों की उपस्थिति ने आयोजन को और अधिक गरिमामय बना दिया।























