जिला पर्यटन संवर्धन कार्यकरणी समिति की बैठक में विकास योजनाओं की हुई विस्तृत समीक्षा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला-खरसावाँ : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पर्यटन संवर्धन कार्यकरणी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों के विकास हेतु संचालित एवं प्रस्तावित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने पर्यटक सुविधाओं के विस्तार, आधारभूत अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण तथा सभी योजनाओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित विभागों को स्वीकृत योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक में पर्यटन स्थलों को अधिक आकर्षक एवं सुविधायुक्त बनाने के लिए विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
इसे भी पढ़ें : Potka : हल्दीपोखर सार्वजनिक दुर्गापूजा समिति की बैठक में भव्य आयोजन का खाका तैयार
पर्यटन स्थलों पर बोटिंग, सड़क, पार्किंग और अन्य सुविधाओं के विकास पर जोर
बैठक के दौरान सीतारामपुर डैम, सतनाला डैम, डोबो, श्री श्री जगन्नाथ महाप्रभु मंदिर (राजनगर), भीमखंडा तथा श्मशान काली मंदिर, सरायकेला सहित विभिन्न पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा बढ़ाने के लिए कई प्रस्तावों पर चर्चा की गई। इनमें बोटिंग की व्यवस्था, कनेक्टिंग एप्रोच रोड, घाट एवं सीढ़ियों का निर्माण और विकास, रेलिंग, वॉल पेंटिंग, साइनेज (सूचनात्मक संकेतक), बैठने की व्यवस्था, पार्किंग और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी गई। उपायुक्त ने कहा कि पर्यटन स्थलों का समग्र विकास जिले की पहचान को मजबूत करेगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
इसे भी पढ़ें : Gua : आंध्र प्रदेश फैक्ट्री विस्फोट में मृत ओयबोन कोड़ाह के परिजनों को अब तक नहीं मिला मुआवजा
छऊ महोत्सव और जायदा पर्यटन मेला के मूल्यांकन का निर्णय
बैठक में पर्यटन विभाग की श्रेणी-‘बी’ के अंतर्गत आयोजित होने वाले सांस्कृतिक मेलों एवं पर्यटन महोत्सवों के चयन पर भी चर्चा हुई। इस क्रम में खरसावाँ छऊ महोत्सव और जायदा पर्यटन मेला का जिला स्तरीय समिति द्वारा स्थल भ्रमण कर निर्धारित मानकों के अनुरूप मूल्यांकन करने तथा प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्णय लिया गया। साथ ही आकर्षणी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विद्युत व्यवस्था से संबंधित स्वीकृत योजनाओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभाग को सभी कार्य नियमानुसार एवं निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
इसे भी पढ़ें : Potka : ब्रेन मलेरिया प्रभावित गांवों में सांसद विद्युत वरण महतो ने बंटवाई मच्छरदानियां
खेल सुविधाओं के अधिकतम उपयोग और नए प्रशिक्षण केंद्रों पर भी हुई चर्चा
बैठक में बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में निर्मित टेनिस, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल कोर्ट के प्रभावी संचालन एवं अधिकतम उपयोग को लेकर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने जिला खेल पदाधिकारी और जिला शिक्षा पदाधिकारी को आपसी समन्वय स्थापित कर विद्यालयों के इच्छुक विद्यार्थियों की नियमित भागीदारी सुनिश्चित करने, प्रशिक्षण गतिविधियों को बढ़ावा देने और खेल अधोसंरचना का बेहतर उपयोग करने के निर्देश दिए। जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार ने बताया कि जिले में चार नए डे-बोर्डिंग खेल प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना के लिए विभाग को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। इस पर उपायुक्त ने प्रस्ताव पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु विभागीय स्तर पर सतत अनुश्रवण और समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, नगर आयुक्त एजाज अनवर सहित समिति के सदस्य और विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।























