90 दिवसीय जागरूकता अभियान के तहत कानून, सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन सेवाओं की दी जानकारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा) के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा), जमशेदपुर द्वारा संचालित 90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को न्याय रथ जमशेदपुर सदर प्रखंड के सरजमदा गांव पहुंचा। इस अवसर पर दक्षिण सरजमदा पंचायत, बिरसा मेमोरियल हाई स्कूल सहित पंचायत के आधा दर्जन गांवों में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में लीगल एड डिफेंस काउंसिल की सदस्य योगिता कुमारी तथा पीएलवी सह अधिकार मित्रों ने विद्यार्थियों और ग्रामीणों को विभिन्न कानूनी अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। वक्ताओं ने लोगों को न्याय तक आसान पहुंच, निःशुल्क कानूनी सहायता तथा समाज में कानून के महत्व के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के बारे में विस्तार से बताया गया, ताकि वे आवश्यकता पड़ने पर कानूनी सहायता प्राप्त कर सकें।
इसे भी पढ़ें : Gua : पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने गुवा के विभिन्न मोहल्लों का किया दौरा, सुनीं जनसमस्याएं
बाल संरक्षण, साइबर सुरक्षा और मुआवजा योजनाओं पर दी गई विस्तृत जानकारी
जागरूकता शिविर में योगिता कुमारी ने डालसा के उद्देश्य, स्थायी लोक अदालत, मध्यस्थता, लोक अदालत, बाल संरक्षण, बाल विवाह, बाल श्रम, मानव तस्करी, घरेलू हिंसा एवं पॉक्सो एक्ट से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। इसके साथ ही चाइल्ड लाइन, चाइल्ड वेलफेयर कमेटी, जिला बाल संरक्षण इकाई, शिशु परियोजना, आपदा एवं दुर्घटना मुआवजा योजना, असंगठित मजदूरों के लिए संचालित सरकारी योजनाओं, नशा उन्मूलन अभियान, पेंशन योजना, खाद्य सुरक्षा अधिनियम तथा साइबर अपराध से बचाव के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में हेल्पलाइन नंबर 15100, 1098, 100/112, 181, 1930 और 14567 की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर पंचायत की मुखिया नागी मुर्मू, प्रधानाध्यापक परशुराम महतो, शिक्षकगण, आंगनबाड़ी सेविकाएं, सीएससी संचालक एवं अन्य स्थानीय प्रतिनिधियों ने सक्रिय सहयोग किया और कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


























