सोनारी में शुरू होगा 20 बेड का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, मिलेंगी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : सोनारी मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल की दूसरी मंजिल पर स्थापित डॉ. डी.के. मिश्रा नेफ्रो यूरोलॉजी एंड स्टोन सेंटर के 20 बेड वाले सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन 26 जुलाई को किया जाएगा। इसकी जानकारी वरिष्ठ यूरोलॉजिस्ट डॉ. डी.के. मिश्रा ने पत्रकार सम्मेलन में दी। उन्होंने बताया कि अस्पताल को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है, जिससे मरीजों को एक ही स्थान पर बेहतर और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, इंडोर एवं ओपीडी सेवाओं के साथ अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इससे शहर और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को उन्नत उपचार का लाभ मिलेगा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : डालसा का न्याय रथ सरजमदा पहुंचा, छात्रों और ग्रामीणों को किया जागरूक
यूरोलॉजी, लेजर सर्जरी और कैंसर उपचार की मिलेगी सुविधा
डॉ. मिश्रा ने बताया कि अस्पताल में पथरी रोग, एंडो-यूरोलॉजिकल सर्जरी, लेजर सर्जरी तथा यूरोलॉजी से संबंधित कैंसर के आधुनिक उपचार की विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1995 से यूरोलॉजी विशेषज्ञ के रूप में मरीजों की सेवा कर रहे हैं और अब नए अस्पताल के माध्यम से अत्याधुनिक तकनीक के साथ बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि साकची स्थित उनकी ओपीडी पूर्व की तरह नियमित रूप से संचालित होती रहेगी। इस नई स्वास्थ्य पहल से जमशेदपुर एवं कोल्हान क्षेत्र के मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।


























