नौ दिवसीय मौसीबाड़ी प्रवास के बाद भव्य बहुड़ा यात्रा में शामिल हुए हजारों श्रद्धालु
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा बाजार स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ, उनके बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की घुरती रथ (बहुड़ा यात्रा) श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुई। नौ दिनों तक विवेक नगर स्थित मौसीबाड़ी (गुंडिचा मंदिर) में प्रवास करने के बाद तीनों विग्रह भव्य रथयात्रा के माध्यम से अपने मुख्य मंदिर लौटे। मुख्य मंदिर के लिए प्रस्थान से पूर्व मौसीबाड़ी परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत हवन-पूजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सेल गुवा के मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार एवं महिला समिति की अध्यक्षा डॉ. शालू कुमार ने हवन में भाग लेकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे मार्ग में जय जगन्नाथ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : 26 जुलाई को होगा डॉ. डी.के. मिश्रा नेफ्रो यूरोलॉजी एंड स्टोन सेंटर का उद्घाटन
पौराणिक परंपरा के अनुसार संपन्न हुई बहुड़ा यात्रा, श्रद्धालुओं ने खींचा रथ
पौराणिक मान्यता के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण की बहन सुभद्रा की नगर भ्रमण की इच्छा पूर्ण करने के लिए भगवान जगन्नाथ और बलभद्र उन्हें रथ पर बैठाकर नगर भ्रमण के लिए निकले थे। इसी यात्रा के दौरान वे अपनी मौसी गुंडिचा के घर पहुंचे और कुछ दिनों तक वहीं विश्राम किया। उसी परंपरा के निर्वहन के तहत नौवें दिन भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा घुरती रथ के माध्यम से पुनः अपने मुख्य मंदिर लौटते हैं। गुवा में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने रथ खींचकर अपनी आस्था प्रकट की। कार्यक्रम के सफल संचालन में पूजा समिति के सदस्यों के अलावा सेल के सहायक महाप्रबंधक दयानिधि दलय तथा मंदिर के पुजारी जितेंद्र पंडा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन ने पूरे क्षेत्र को भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।


























