रात में आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था होगी बेहतर, व्यापारियों में खुशी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : निर्माणाधीन नए बड़ाजामदा रेलवे स्टेशन के समीप सड़क किनारे स्थापित हाईमास्ट टावर लाइट शुक्रवार से चालू हो गई। लाइट के सफल संचालन के साथ ही पूरे क्षेत्र में रोशनी फैल गई, जिससे स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। लंबे समय से इस सुविधा की मांग की जा रही थी, जिसके शुरू होने से अब बाजार और आसपास के इलाकों में रात के समय पर्याप्त प्रकाश उपलब्ध रहेगा। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि हाईमास्ट लाइट लगने से ग्राहकों को बाजार आने-जाने में सुविधा होगी तथा शाम के बाद भी व्यापारिक गतिविधियां सुचारु रूप से संचालित हो सकेंगी। इसके अलावा रेलवे स्टेशन क्षेत्र में आने वाले यात्रियों को भी बेहतर सुविधा मिलेगी।
इसे भी पढ़ें : Gua : घुरती रथ के साथ भगवान जगन्नाथ मुख्य मंदिर लौटे, गूंजे जय जगन्नाथ के जयकारे
स्टेशन निर्माण के साथ विकास को मिलेगी नई रफ्तार, अपराध पर भी लगेगा अंकुश
क्षेत्रवासियों का मानना है कि नए रेलवे स्टेशन के साथ विकसित हो रही यह सुविधा बड़ाजामदा के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। लोगों का कहना है कि स्टेशन का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद व्यापार, आवागमन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। हाईमास्ट टावर लाइट के शुरू होने से रात के समय सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी और अंधेरे का फायदा उठाकर होने वाली आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगेगा। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि सड़क किनारे शराबियों के जमावड़े जैसी समस्याओं में भी कमी आएगी, जिससे आसपास का वातावरण अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनेगा। क्षेत्रवासियों ने इस सुविधा के लिए संबंधित विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया है।


























