गर्ल्स हाई स्कूल में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित, वर्षा जल संचयन पर किया जागरूक
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद द्वारा जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने के उद्देश्य से संचालित “कैच द रेन” अभियान के तहत शुक्रवार को गर्ल्स हाई स्कूल, जुगसलाई में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत चित्रकला प्रतियोगिता से हुई, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का विषय “वर्षा जल संचयन और जल संरक्षण” रखा गया था। छात्राओं ने अपनी रचनात्मक कला के माध्यम से जल बचाने, वर्षा जल के संग्रहण और जल की प्रत्येक बूंद के महत्व को दर्शाया। चित्रों के जरिए उन्होंने समाज को यह संदेश दिया कि जल जीवन का आधार है और इसकी एक-एक बूंद को बचाना सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से जल संरक्षण के प्रति व्यापक जनजागरूकता फैलाना था।
इसे भी पढ़ें : Gua : बड़ाजामदा रेलवे स्टेशन के पास हाईमास्ट टावर लाइट हुई चालू, क्षेत्र हुआ रोशन
जल संरक्षण की शपथ लेकर छात्राओं ने किया जिम्मेदारी निभाने का संकल्प
चित्रकला प्रतियोगिता के उपरांत सभी छात्राओं को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। शपथ के दौरान छात्राओं ने संकल्प लिया कि वे अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्रों में वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देंगी तथा जल का विवेकपूर्ण उपयोग करेंगी। जुगसलाई नगर परिषद ने इस अवसर पर आम नागरिकों से भी “कैच द रेन” अभियान से जुड़ने की अपील की। परिषद ने लोगों से अपने घरों एवं संस्थानों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित कर भूजल स्तर बढ़ाने और जल संकट से निपटने में सहयोग देने का आग्रह किया। कार्यक्रम में जल संरक्षण के प्रति सामूहिक भागीदारी और जिम्मेदारी पर विशेष जोर दिया गया।



























