सुइयां पहाड़ स्थित घुटिया में एक माह तक शिवभक्तों को मिलेगी भोजन, विश्राम और स्वास्थ्य सुविधाएं
कांवरियों के लिए मसाज, गर्म पानी और मोबाइल चार्जिंग की भी रहेगी व्यवस्था
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : सावन माह में शिवभक्तों की सेवा के लिए ओम कांवरिया सेवा संघ द्वारा देवघर कांवरिया पथ के सुइयां पहाड़ स्थित घुटिया में एक माह का सेवा शिविर लगाया जाएगा। इसकी जानकारी संस्था के अध्यक्ष पप्पू सिंह ने बिरसानगर स्थित अपने आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि आगामी 29 जुलाई से 27 अगस्त तक चलने वाले इस शिविर का उद्घाटन 29 जुलाई की शाम पूजा-अर्चना और आरती के साथ किया जाएगा। शिविर के संचालन के लिए 32 स्वयंसेवकों की टीम सोमवार को रवाना हो चुकी है, जबकि विभिन्न शहरों से भी दर्जनों स्वयंसेवक सेवा कार्य में भाग लेने पहुंचेंगे। पप्पू सिंह ने बताया कि संगठन पिछले 16 वर्षों से लगातार सावन के दौरान कांवरियों की सेवा करता आ रहा है और इस वर्ष भी श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : यूसील प्रभावितों की समस्याओं को लेकर उपायुक्त से मिले प्रतिनिधि, रोजगार व मूलभूत सुविधाओं की उठाई मांग
16 वर्षों से जारी है शिवभक्तों की सेवा का अभियान
संस्था के अध्यक्ष ने बताया कि शिविर में कांवरियों के लिए नहाने, खाने, शौचालय, विश्राम और चिकित्सा संबंधी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था रहेगी। श्रद्धालुओं को सुबह और शाम नाश्ता एवं भोजन उपलब्ध कराया जाएगा, जिसमें पूरी-सब्जी, हलवा, फल, साबूदाना और खीर जैसे प्रसाद वितरित किए जाएंगे। भक्तों की थकान दूर करने के लिए मशीनों द्वारा फुट, हेड और बॉडी मसाज की सुविधा भी दी जाएगी। इसके अलावा गर्म पानी, मोबाइल चार्जिंग, रात्रि विश्राम तथा नियमित पूजा-आरती की व्यवस्था भी शिविर में रहेगी। पत्रकार वार्ता में संस्था के संरक्षक धनंजय कुमार सिंह, राजेंद्र प्रसाद सिंह, सतेन्द्र सिंह और एमवी राव सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। संस्था ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को शिविर की सुविधाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया है।























