डालसा की टीम ने विभिन्न सरकारी योजनाओं और कानूनी सहायता सेवाओं की दी जानकारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), न्याय सदन, सिविल कोर्ट जमशेदपुर के सचिव के निर्देश पर प्रखंड सह अंचल कार्यालय जमशेदपुर, स्थायी आधार केंद्र, कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा), करनडीह चौक एवं कुदादा चौक में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान डालसा की एलएडीसी योगिता कुमारी, पीएलवी सह अधिकार मित्र अरुण रजक, सुनील पांडेय, शंकर गोराई, सूरज कुमार, राजेश राव, सुनीता झा, चेतन नायक, परशेष मरांडी एवं सुबोध कुमार ने लोगों को उनके कानूनी अधिकारों और उपलब्ध सेवाओं के प्रति जागरूक किया। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई, ताकि जरूरतमंद लोग उनका लाभ उठा सकें।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : छात्रों पर लाठीचार्ज और नेताओं की गिरफ्तारी लोकतंत्र पर हमला – रघुवर दास
बाल अधिकार, साइबर सुरक्षा और महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
कार्यक्रम में डालसा के गठन, उद्देश्य, सेवाओं और भूमिका के अलावा स्थायी लोक अदालत, लोक अदालत, बाल अधिकार, बाल तस्करी, बाल विवाह रोकथाम अधिनियम, बाल श्रम निषेध कानून तथा बाल संरक्षण से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही घरेलू हिंसा, डायन प्रथा, नशा उन्मूलन, साइबर अपराध एवं सुरक्षा, आपदा और दुर्घटना मुआवजा योजना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी लोगों को जागरूक किया गया। उपस्थित लोगों को नालसा की निःशुल्क कानूनी सलाह हेल्पलाइन 15100, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन पुलिस सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, साइबर हेल्पलाइन 1930 और एल्डर हेल्पलाइन 14567 की जानकारी भी दी गई।






















