लाइनमैन करन टुडू ने निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की
जेबी लाइव, रिपोर्टर
डुमरिया : डुमरिया थाना क्षेत्र में विद्युत विभाग के एक कर्मचारी ने जातिसूचक गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुनासिवाद गांव निवासी एवं विद्युत विभाग में कार्यरत लाइनमैन करन टुडू ने थाना प्रभारी को दिए आवेदन में बताया है कि 9 अगस्त 2026 को ग्राम हतिभारी निवासी सूखेन्दु विकास पानी ने उन्हें फोन कर संखो महापात्र के नवनिर्मित भवन में बिजली का तार एवं कनेक्शन जोड़ने के संबंध में बातचीत की थी। करन टुडू के अनुसार, उन्होंने फोन पर बताया कि संबंधित व्यक्ति के कहने पर बिजली कनेक्शन जोड़ दिया जाएगा। आरोप है कि इसी बात को लेकर फोन पर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। शिकायतकर्ता का कहना है कि बातचीत के दौरान उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और उन्हें अपमानित किया गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : सड़क सुरक्षा के नाम पर खानापूर्ति नहीं करे जिला पुलिस – अप्पू तिवारी
आदिवासी समाज को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप, पुलिस कर रही जांच
करन टुडू ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि फोन पर बातचीत के दौरान उनके खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया तथा आदिवासी समाज को लेकर भी कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें धमकी दी गई और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का प्रयास किया गया। शिकायतकर्ता ने थाना प्रभारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपों का सत्यापन करने और दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करने की मांग की है। इधर, पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और तथ्यों के सत्यापन के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






















