JPSC-JSSC अभ्यर्थियों की मांगों को बताया जायज, युवाओं को रोजगार और न्याय देने की उठाई मांग
लाठीचार्ज पर जदयू जिलाध्यक्ष ने जताई कड़ी आपत्ति, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर दिया जोर
शांतिपूर्ण आंदोलन और संवाद का किया समर्थन, छात्र संगठनों और सरकार के बीच संवाद से निकल सकता है समाधान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जनता दल (यूनाइटेड) पूर्वी सिंहभूम के जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने रांची में JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के आंदोलन के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसकी कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, कथित अनियमितताओं की जांच और रोजगार की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्र-युवाओं की आवाज को बल प्रयोग के माध्यम से दबाना किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं है। सरकार को छात्रों की बात सुननी चाहिए और उनकी समस्याओं का समाधान बातचीत एवं सकारात्मक पहल के जरिए करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध और अपनी बात रखने का अधिकार सभी नागरिकों को प्राप्त है, ऐसे में छात्रों पर बल प्रयोग करना उचित नहीं कहा जा सकता।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में बहरागोड़ा बंद का व्यापक असर, बाजारों में थमी व्यावसायिक गतिविधियां
छात्रों की शिकायतों पर निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई की मांग
सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि छात्र अपने भविष्य को लेकर आंदोलन कर रहे हैं और उनकी चिंताओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। वर्षों की मेहनत और तैयारी के बाद जब भर्ती प्रक्रिया और परीक्षा प्रणाली पर सवाल खड़े होते हैं, तब सरकार की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि छात्रों की शिकायतों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा संबंधित मामलों में पारदर्शी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा, “सरकार को छात्रों को लाठी नहीं, रोजगार और न्याय देना चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड के युवाओं के भविष्य के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता। सरकार को ऐसे कदम उठाने चाहिए जिससे युवाओं का विश्वास भर्ती प्रक्रिया और प्रशासनिक व्यवस्था में बना रहे।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : साप्ताहिक जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनी लोगों की समस्याएं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश
युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर गंभीर पहल की आवश्यकता
जदयू जिलाध्यक्ष ने कहा कि यदि छात्रों की मांगों पर समय रहते गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन और व्यापक रूप ले सकता है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि छात्र प्रतिनिधियों के साथ शीघ्र वार्ता कर उनकी समस्याओं का समाधान निकाला जाए। साथ ही उन्होंने छात्र-युवाओं और आम नागरिकों से भी लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी आंदोलन में हिंसा या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है। सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि जनता दल (यूनाइटेड) छात्रों के संघर्ष और उनकी जायज मांगों के समर्थन में खड़ा है तथा वे आगे भी छात्रों के हितों और न्यायपूर्ण समाधान की मांग उठाते रहेंगे।























