बिरसा मुंडा स्टेडियम में अंतिम पूर्वाभ्यास संपन्न, राष्ट्रध्वज को दी सलामी
उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने परेड का लिया जायजा
मैदान, पार्किंग और सुरक्षा इंतजामों पर विशेष जोर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सरायकेला-खरसावां : स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह की तैयारियों के तहत गुरुवार को बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में फुल ड्रेस परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वगिंयारी ने परेड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के उपरांत उपायुक्त ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी। दोनों अधिकारियों ने समारोह की तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह गरिमामय, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न होना चाहिए, जिसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
इसे भी पढ़ें : Dumaria : बीआरसी डुमरिया के कंप्यूटर ऑपरेटर गाजिया मुर्मू के निधन से शोक, दुखनी सोरेन ने परिजनों को दी सांत्वना
विभिन्न सुरक्षा बलों और छात्राओं की टुकड़ियों ने किया प्रदर्शन
फुल ड्रेस परेड में जिला सशस्त्र बल, सीआरपीएफ, गृह रक्षा वाहिनी और एनएपी की टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। इसके साथ ही कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी), सरायकेला की छात्राओं की टुकड़ी ने भी परेड में भाग लेकर अनुशासन और उत्साह का परिचय दिया। बैंड दल में केजीबीवी सरायकेला एवं राजनगर की किशोरियों ने आकर्षक प्रस्तुति दी। परेड के दौरान सभी टुकड़ियों ने शानदार तालमेल और अनुशासन का प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने प्रतिभागियों के समर्पण और मेहनत की सराहना करते हुए समारोह को सफल बनाने के लिए इसी उत्साह को बनाए रखने का आह्वान किया।
इसे भी पढ़ें : Dumaria : 15 किमी जर्जर सड़क से 90 गांवों के लोग परेशान, नरसिंहबहाल पहुंचीं दुखनी सोरेन
मौसम को देखते हुए अतिरिक्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक एहतियाती उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने मैदान के समतलीकरण, वाटरप्रूफ स्टॉल, वाहन पार्किंग एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने पर विशेष बल दिया। वहीं पुलिस अधीक्षक ने परेड में शामिल सभी दलों की सराहना करते हुए समारोह को उत्साह, अनुशासन और गरिमा के साथ संपन्न कराने की अपील की। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार, स्थानीय थाना प्रभारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।























