सुल्तानगंज के पवित्र गंगाजल से होगा भोलेनाथ का जलाभिषेक
संध्याकाल में काशी की तर्ज पर आयोजित होगी भव्य महाआरती
11 से 15 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना
आकर्षण का केंद्र रहेंगे भजन, झांकियां और जलाभिषेक
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं
संध्याकाल में छठ घाट तालाब पर सजेगा आध्यात्मिक महोत्सव
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर समिति द्वारा आयोजित तीसरी सोमवारी की सामूहिक जलाभिषेक यात्रा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गुरुवार को भालूबासा स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, महासचिव अखिलेश चौधरी, मीडिया प्रभारी प्रेम झा, प्रमोद मिश्रा एवं वरिष्ठ सदस्य कुलवंत सिंह बंटी ने आयोजन की विस्तृत जानकारी दी। समिति ने इस वर्ष जलाभिषेक यात्रा में 11 से 15 हजार महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई है। अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि 17 अगस्त को सुबह 7 बजे श्रद्धालु बारीडीह हरि मंदिर मैदान में एकत्रित होंगे, जहां सुल्तानगंज की उत्तरवाहिनी गंगा के पवित्र जल से संकल्प एवं पूजन के बाद कतारबद्ध होकर सूर्य मंदिर शिवालय के लिए प्रस्थान करेंगे। हर वर्ष की तरह इस बार भी आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विशेष तैयारी की गई है।
इसे भी पढ़ें : Badajamda : मूसलाधार बारिश से बड़ाजामदा में जनजीवन अस्त-व्यस्त, मुख्य सड़क जलमग्न
भक्तिमय संगीत, झांकियां और पुष्पवर्षा बढ़ाएंगी यात्रा की भव्यता
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि जलाभिषेक यात्रा में भक्तिमय संगीत, भजन मंडलियों की प्रस्तुति, आकर्षक धार्मिक झांकियां और पुष्पवर्षा श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होंगी। यात्रा मार्ग में कई स्थानों पर श्रद्धालुओं का स्वागत किया जाएगा। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास, विधायक पूर्णिमा साहू सहित शहर के कई गणमान्य लोग भी इस धार्मिक आयोजन में शामिल होंगे। पूरे मार्ग को केसरिया ध्वजों और तोरण द्वारों से सजाया जा रहा है। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
इसे भी पढ़ें : Badajamda : बड़ाजामदा में साइबर अपराध और बाल सुरक्षा को लेकर पुलिस का जागरूकता अभियान
सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधाओं के लिए विशेष इंतजाम
सूर्य मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए हैं। यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दो एम्बुलेंस और मेडिकल टीम तैनात रहेगी। बाबा बैद्यनाथ धाम की तर्ज पर अरघा के माध्यम से जलार्पण की व्यवस्था की गई है, जिससे बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके। यातायात नियंत्रण और व्यवस्था बनाए रखने के लिए 200 से अधिक सूर्यधाम सेवक सक्रिय रहेंगे। इसके अलावा पूरे मार्ग में स्वच्छ जल का छिड़काव किया जाएगा। जलाभिषेक के बाद सोन मंडप परिसर में महाप्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है, जहां 20 प्रसाद काउंटर और 15 पेयजल काउंटर लगाए जाएंगे। मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत एवं पुष्प सज्जा से सजाया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में, उपायुक्त व एसपी ने किया फुल ड्रेस परेड का निरीक्षण
काशी के गंगा घाट की तर्ज पर होगी दिव्य महाआरती
महासचिव अखिलेश चौधरी ने बताया कि तीसरी सोमवारी की संध्या को सूर्य मंदिर परिसर स्थित छठ घाट तालाब पर काशी के गंगा घाट की तर्ज पर भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष अनुष्ठान के लिए वाराणसी से 11 सदस्यीय प्रशिक्षित मंडली आमंत्रित की गई है, जो पारंपरिक वाद्ययंत्रों, शंखध्वनि, दीपमालाओं और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ दिव्य आरती संपन्न कराएगी। आयोजन के दौरान आकर्षक आतिशबाजी भी की जाएगी। मीडिया प्रभारी प्रेम झा और प्रमोद मिश्रा ने कहा कि सुल्तानगंज के पवित्र गंगाजल से जलाभिषेक, भक्तिमय वातावरण, भव्य झांकियां और काशी शैली की महाआरती श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव साबित होगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से परिवार सहित शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।






















