बिजली संकट से जूझ रहे बस्तीवासियों को मिली राहत, पानी आपूर्ति भी हुई सामान्य
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : मनिफिट आजाद बस्ती स्थित बलदेव पुआल टाल के समीप रहने वाले लोगों को पिछले पांच दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बिजली नहीं रहने से पूरे इलाके में अंधकार छाया हुआ था, वहीं पानी टंकी में मोटर नहीं चल पाने के कारण जलापूर्ति भी प्रभावित हो गई थी। इससे दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया था और लोगों को पेयजल सहित अन्य आवश्यक जरूरतों के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। लगातार समस्या बने रहने के बाद स्थानीय लोगों ने अपनी परेशानी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव के समक्ष रखी और त्वरित समाधान की मांग की।
इसे भी पढ़ें : Manoharpur : जराइकेला बस्ती के पास तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर घायल
शिकायत मिलते ही सक्रिय हुए जिलाध्यक्ष, अधिकारियों से की बात
स्थानीय नागरिकों की समस्या की जानकारी मिलते ही जदयू जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल संबंधित विद्युत विभाग के अधिकारियों से संपर्क स्थापित किया। उन्होंने अधिकारियों को बस्ती में जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने का आग्रह किया। जिलाध्यक्ष की पहल के बाद विद्युत विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी बाधाओं को दूर किया और पांच दिनों से ठप पड़ी बिजली आपूर्ति को बहाल कर दिया। बिजली आने के साथ ही पानी टंकी की मोटर भी चालू हो गई, जिससे जलापूर्ति सामान्य हो सकी। बिजली बहाल होने की सूचना मिलते ही बस्तीवासियों में खुशी का माहौल बन गया और लोगों ने राहत की सांस ली।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : बागबेड़ा में बाढ़ के बाद बीमारी का खतरा बढ़ा, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता अभियान चलाने की मांग
बिजली बहाली पर बस्तीवासियों ने जताया आभार, किया सम्मान
बिजली बहाल होने के बाद बस्तीवासियों के आमंत्रण पर सुबोध श्रीवास्तव क्षेत्र पहुंचे, जहां स्थानीय नागरिकों ने उनका स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बिजली जैसी मूलभूत सुविधा का कई दिनों तक बाधित रहना चिंता का विषय है और ऐसी समस्याओं का शीघ्र समाधान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों तक पहुंचाकर समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने बस्तीवासियों की जागरूकता की सराहना करते हुए कहा कि जब लोग संगठित होकर अपनी समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाते हैं, तब समाधान की प्रक्रिया तेज होती है। कार्यक्रम में टेल्को मंडल अध्यक्ष विनोद राय, बर्मामाइंस मंडल अध्यक्ष बबलू कुमार, श्रमिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह, महिला नेत्री अन्नू चौबे समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


























